बारिश के बीच मातकमडीह एफसी की दमदार जीत, अर्वन सिटी को 2-0 से हराया

सरायकेला-खरसावां जिला फुटबॉल लीग में मातकमडीह एफसी ने अर्वन सिटी को 2-0 से मात दी. बारिश के कारण दूसरा मैच स्थगित कर दिया गया। पूरी खबर यहाँ पढ़ें.

संवाददाता, खरसावां

सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग अर्जुना कप-2026 के तहत शुक्रवार को अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में खेले गए पहले मुकाबले में मातकमडीह एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्वन सिटी, सीतारामपुर को 2-0 से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की. लगातार हो रही बारिश के बीच खेले गए मैच में मातकमडीह की टीम ने दूसरे हाफ में आक्रामक खेल दिखाते हुए दोनों गोल दागे. वहीं खराब मौसम के कारण दिन का दूसरा मुकाबला नहीं हो सका.

पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला. दोनों ओर से कई आक्रमण हुए, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपरों के शानदार प्रदर्शन के कारण मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी. दूसरे हाफ में मातकमडीह एफसी ने खेल की रफ्तार तेज कर दी. मैच के 61वें मिनट में बिरोजा ने शानदार गोल कर टीम का खाता खोला. बढ़त मिलने के बाद टीम ने लगातार दबाव बनाए रखा और 69वें मिनट में सोनाराम ने दूसरा गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी.

अर्वन सिटी ने वापसी की भरपूर कोशिश की, लेकिन मातकमडीह की सुदृढ़ रक्षा पंक्ति को भेदने में सफल नहीं हो सकी. लगातार हो रही भारी बारिश के कारण दिन का दूसरा मुकाबला बीएमसी धोलूडीह और प्रधानगोड़ा के बीच नहीं खेला जा सका. खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए आयोजन समिति ने मैच स्थगित करने का निर्णय लिया. मैच में अनुराग सोय, कृष्ण पाड़िया, विशाल गोप, विकास कुमार और संतोष महतो ने रेफरी की भूमिका निभाई. आज के मुकाबले शनिवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में दो मुकाबले खेले जाएंगे. पहला मैच दोपहर 2 बजे बीपीएस भेलाईडीह और हाथीटांड़ के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला अपराह्न 3:30 बजे अयांश पावर ईचागढ़ और एबीपी नीमडीह तेंगाडीह, चांडिल के बीच खेला जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sachindra Dash

Published by: Amleshnandan Sinha

शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >