सरायकेला से धीरज कुमार की रिपोर्ट
Saraikela News: झारखंड के सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के तेलीसाई में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 53 वर्षीय मसाला व्यापारी रंजन कुमार साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है. बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतक अपने घर में अकेला था.
घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा सरायकेला थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
सुबह के समय उठाया यह खौफनाक कदम
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार सुबह करीब 11:30 से 12 बजे के बीच की है. मृतक रंजन कुमार साहू सरायकेला के डेली मार्केट में मसाले की दुकान चलाते थे. वे अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे थे, लेकिन हाल के दिनों में कुछ परेशानियों का सामना कर रहे थे.
बच्चों को लेने पत्नी को भेजा, खुद कर ली आत्महत्या
परिवार के अनुसार, रंजन कुमार साहू रोजाना अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने और लाने का काम खुद करते थे. लेकिन घटना वाले दिन उन्होंने अपनी पत्नी को बच्चों को लाने के लिए भेज दिया. पत्नी के घर से बाहर जाते ही उन्होंने सीलिंग के हुक में कपड़े का फंदा बनाकर फांसी लगा ली.
पत्नी ने लौटकर देखा तो उड़े होश
जब उनकी पत्नी बच्चों को लेकर घर लौटी, तो उन्होंने अपने पति को फंदे से लटका पाया. यह दृश्य देखकर वह जोर-जोर से रोने-चिल्लाने लगीं. उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति को देखकर स्तब्ध रह गए. इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
आर्थिक तंगी की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक पिछले कुछ दिनों से आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे, जो इस घटना का एक संभावित कारण हो सकता है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
इसे भी पढ़ें: हरिहर सिंह रोड के प्रीति ज्वेलरी में लूट का 10 घंटे में खुलासा, हथियार के साथ तीन गिरफ्तार
जांच में जुटी पुलिस, परिवार में मातम
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके. वहीं, इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर के परसुडीह में व्यापारी के घर डकैती और हत्या की साजिश नाकाम, तीन गिरफ्तार
