खरसावां. धार्मिक नगरी खरसावां में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की बाहुड़ा यात्रा श्रद्धा, आस्था और भक्ति के माहौल में संपन्न हुई. नौ दिनों तक मौसीबाड़ी स्थित गुंडिचा मंदिर में विराजमान रहने के बाद भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ पुनः राजवाड़ी स्थित श्रीमंदिर लौटे. जय जगन्नाथ के जयघोष, शंखध्वनि और हरिनाम संकीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा. इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ रथ की रस्सी खींचकर गुंडिचा मंदिर से श्रीमंदिर तक पहुंचाया. खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने भी श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचकर महाप्रभु का आशीर्वाद लिया.
यात्रा के दौरान रथ से श्रद्धालुओं के बीच लड्डुओं का प्रसाद वितरित किया गया, जिसे प्राप्त करने के लिए लोगों में विशेष उत्साह दिखा. बाहुड़ा यात्रा में खरसावां के राजा गोपाल नारायण सिंहदेव, राजपुरोहित अंबुजाक्ष आचार्य, राकेश दाश, मंदिर के सेवायत तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. वहीं दलाईकेला, जोजोकुड़मा, पोटोबेड़ा, संतारी, बंदोलौहर, चाकड़ी और पोंडाकाटा समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भी बाहुड़ा रथ यात्रा पारंपरिक रीति-रिवाजों और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई.
