SIR फॉर्म जमा करने पहुंचे ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, कागजात फाड़ने के आरोप से मचा बवाल.. जानें पूरा मामला

चांडिल के कुकड़ू अंचल कार्यालय में एसआईआर फॉर्म जमा करने को लेकर ग्रामीणों और कर्मियों के बीच विवाद, कागजात फाड़ने का आरोप, पुलिस बल तैनात.

चांडिल: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड सह अंचल कार्यालय में शनिवार को एसआइआर फॉर्म जमा करने को लेकर जमकर हंगामा हुआ. फॉर्म जमा करने पहुंचे ग्रामीणों और कार्यालय कर्मियों के बीच विवाद के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गयी. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यालय परिसर के बाहर जुट गये और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी पर कागजात फाड़ने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की.

विरोध करते ग्रामीण

ग्रामीणों का आरोप है कि वे एसआइआर फॉर्म जमा करने के लिए आवश्यक दस्तावेज लेकर कार्यालय पहुंचे थे. फॉर्म जमा करने के दौरान किसी बात को लेकर कर्मियों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया. इसी दौरान उनके कागजात के साथ छेड़छाड़ की गयी और कुछ दस्तावेज फाड़ दिये गये. इससे ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने कार्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया.

दस्तावेज जुटाकर पहुंचे थे ग्रामीण, फाड़ने का लगाया आरोप

अंचल कार्यालय के अंदर ग्रामीणों की भीड़

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि एसआइआर फॉर्म जमा करने के लिए उन्होंने काफी समय से जरूरी कागजात जुटाये थे. दस्तावेज लेकर कार्यालय पहुंचने के बाद विवाद की स्थिति पैदा हुई. ग्रामीणों का कहना था कि कागजात फाड़े जाने से उन्हें दोबारा दस्तावेज तैयार कराने की परेशानी उठानी पड़ सकती है.

भीड़ बढ़ी तो कार्यालय के बाहर तैनात की गयी पुलिस

हंगामे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यालय के बाहर पहुंच गये. भीड़ बढ़ने के साथ तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गयी. पुलिसकर्मी कार्यालय परिसर और बाहर मौजूद लोगों पर नजर रखते रहे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया.

प्रशासन के आधिकारिक बयान का इंतजार

अंचल कार्यालय के अंदर आक्रोशित ग्रामीण

ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. हालांकि, अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी अथवा प्रखंड प्रशासन की ओर से मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ग्रामीणों द्वारा कागजात फाड़े जाने के आरोप की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हो सकी है. प्रशासन का पक्ष सामने आने के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में बतायी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Himanshu gope

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >