सरायकेला: कुचाई प्रखंड के कुचाई आश्रम आवासीय विद्यालय में चल रहे चारदीवारी मरम्मत कार्य में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है. इस संबंध में कुचाई प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने गुरुवार को उप विकास आयुक्त रीना हांसदा को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है. ज्ञापन की प्रतिलिपि उपायुक्त, जिला परिषद अध्यक्ष एवं श्रम अधीक्षक को भी सौंपी गई है. प्रखंड प्रमुख ने अपने शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि विद्यालय की चारदीवारी मरम्मत कार्य में लगे मजदूरों को मात्र 250 रुपये प्रतिदिन मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है, जो निर्धारित न्यूनतम मजदूरी मानक से कम है.
सामग्री की गुणवत्ता पर लगे आरोप
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि योजना स्थल पर अब तक योजना से संबंधित सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है. निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है. गुड्डी देवी ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने निर्माण कार्य में बरती जा रही कथित अनियमितताओं के संबंध में संवेदक से जानकारी लेने का प्रयास किया, तो उनके साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया.
प्रखंड प्रमुख ने कहा कि महिला जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने डीडीसी से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कराकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, मजदूरी भुगतान एवं योजना से संबंधित सभी बिंदुओं की जांच की जाए, साथ ही दोषी पाए जाने पर संबंधित संवेदक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए और मजदूरों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए.
