खरसावां. आमदा ओपी पुलिस ने चोरी के दो मामलों का उद्भेदन करते हुए गुलुगुलिया बस्ती से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात व अन्य सामान बरामद किये है. इसी कड़ी में पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी ललन मोदी (44), पूत्र अनु मोदी (19), ललन मोदी के दूसरे बेटे की पत्नी रुपा मोदी (22) और भाई की पत्नी कुंती मोदी (21) को गिरफ्तार किया हैं. छापेमारी दल में आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान, पुअनि योगेश रजक, सअनि रोपना राम काशी व आरक्षी राजेंद्र नाथ किस्कू शामिल थे.
जमीन में प्लास्टिक की पोटली में छिपाकर रखा हुआ था सामान
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को करीब डेढ़ बजे गुप्त सूचना मिली थी कि गुलुगुलिया बस्ती आमदा निवासी ललन सिंह मोदी उर्फ टिकवा सिंह मोदी ने घर के जमीन में प्लास्टिक में बांधकर जेवरात को छुपा रखा था. सूचना के सत्यापन के बाद आमदा ओपी की पुलिस टीम ललन मोदी के घर पहुंची. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे. इस दौरान पुलिस ने ललन मोदी को पकड़ लिया.
जेवरात से संबंधित कागजात मांगने पर हुआ खुलासा
इसके बाद पुलिस ने ललन मोदी के घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान घर में रखे टीन के बक्से को हटाने पर अलमारी के नीचे जमीन में एक प्लास्टिक की पोटली मिली. पोटली खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में सोना-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद हुआ. पुलिस द्वारा सामान के संबंध में कागजात मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.
पूछताछ में पुलिस को बताया गया कि आरोपी परिवार का मुख्य पेशा बंद एवं सुनसान घरों में चोरी करना है. पुलिस के अनुसार, बरामद जेवरात व अन्य सामान आरोपी ललन मोदी, अनु मोदी, रोशन मोदी, रूपा मोदी, कुंती मोदी तथा इनके परिवार के सदस्यों से संबंधित चोरी की घटनाओं से जुड़े हैं. मामले में पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है.
ये सामान हुई बरामद
पुलिस ने चोरी के सामान में 5 पीस सोने का लॉकेट, दो पीस सोने का झूमका, एक-एक पीस सोने का नथनी व ताबिज, तीन पीस सोने का लॉकेट, 21 पीस पायल समेत चांदी की चेन, अंगूठी, बिछिया, लॉकेट, नाक की बाली, मांगटीका, हाथ का कड़ा, दुल्हन का हाथ का पंजा, बच्चों की चांदी की बेरा, सिंदूर डिब्बी, चांदी का कमरखोसनी, हार, दुल्हन बिछिया, सिक्का, चांदी का बिस्कुट, काले मोती की माला, एमआई कंपनी का मोबाइल और टाइटन की हाथ घड़ी समेत कुल 27 प्रकार के सामान बरामद किए हैं. बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बतायी गयी है.
मुख्य आरोपी पर पहले से तीन मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी ललन मोदी के खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ मानगो थाना में वर्ष 2021 के दो मामले तथा चक्रधरपुर थाना में वर्ष 2017 का एक मामला दर्ज है. छापेमारी दल में आमदा ओपी प्रभारी पुंडुंगिनो राम रेखा पासवान, पुंडुंगिनो योगेश रजक, सअनि रोपना राम कांशी तथा आरक्षी 199 राजेंद्र नाथ किस्कू शामिल थे.
