आदर्श मॉडल विद्यालय, खरसावां में अभिभावक-शिक्षक बैठक में पहुंचे शिक्षक व अभिभावक संवाददाता खरखावां. आदर्श मॉडल विद्यालय, खरसावां में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अनिल पंडित की अध्यक्षता अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया. बैठक के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर विस्तार से चर्चा की. साथ ही घर और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा पढ़ाई के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की.
साथ ही बाल मजदूरी और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति अभिभावकों को जागरूक किया गया. बैठक में मुखिया सुनीता तापे ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है. उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 का उल्लेख करते हुए कहा कि 5 से 18 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अब्दुल माजिद खान ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उद्देश्य पूरा हो सकता है.
उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करने, नामांकित एवं विद्यालय से वंचित बच्चों के पुनः नामांकन में सहभागिता निभाने तथा बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया. उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्रहितकारी योजनाओं की भी जानकारी दी. मौके पर शिक्षक विवेकानंद पंडा, सीमा कुमारी, गीता राउत, माइकेल आनंद, सविता कुमारी मंडल, अभिमन्यु प्रधान, किशोरी गोप, किरणी श्रवण, पुष्पा पंडित, रीना कुमारी, प्रीति कुमारी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे.
