खरसावां: आमदा ओपी क्षेत्र के दलाईकेला पंचायत अंतर्गत बनाईकेला चौक के समीप शुक्रवार शाम पीडीएस के डोर स्टेप डिलीवरी वाले खाद्यान्न लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दलाईकेला के शतीकुदर टोला के पीडीएस डीलर करम सिंह बोदरा (66) की मौत हो गयी. हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार दो पोते बिरेन सिंह बोदरा (10) और निखील बोदरा (8) को हल्की चोट लगी है. दोनों का खरसावां के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जुट गये. खरसावां से घर वापस लौटने के दौरान हुआ हादसा जानकारी के अनुसार दलाईकेला के शतीकुदर टोला निवासी पीडीएस डीलर करम सिंह बोदरा अपने दोनों पोतों के साथ बाइक से खरसावां से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से डोर स्टेप डिलीवरी का ट्रक खाद्यान्न लेकर बनाईकेला स्थित उनके पीडीएस दुकान की ओर जा रहा था. बनाईकेला चौक के समीप ट्रक चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया. अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और सड़क किनारे खेत में पलट गया.
निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती हादसे में बाइक सवार करम सिंह बोदरा गंभीर रूप से घायल हो गये. आसपास के लोगों की मदद से उन्हें दोनों पोतों के साथ खरसावां के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद करम सिंह बोदरा को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल दोनों बच्चों का उपचार किया जा रहा है.
अस्पताल पहुंच कर सीओ ने ली दुर्घटना की जानकारी दुर्घटना की सूचना पा कर खरसावां सीओ सह एमओ कप्तान सिंकु अस्पताल में पहुंचे. अस्पताल पहुंच कर पूरे मामले की जानकारी ली. घायलों के संबंध में भी जानकारी ली. इस दुर्घटना पर दुख: व्यक्त करते हुए परिजनों को ढाढस बंधाया. ईधर सूचना मिलने पर आमदा ओपी पुलिस की एक टीम घटनास्थल पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. खेत में पलटा ट्रक, भींग गया चावल दुर्घटना के बाद खाद्यान्न लदा ट्रक सड़क किनारे खेत में पलट गया. ट्रक में पीडीएस डोर स्टेप डिलीवरी के लिए रखा चावल खेत में गिर गया. खेत में पानी भरा होने के कारण बड़ी मात्रा में चावल भींग गया. दुर्घटना के साथ-साथ खाद्यान्न की भी नुकसान हुई है.
