खरसावां. खरसावां के बनडीह टोला में पिछले छह दिनों से जारी बिजली संकट आखिरकार शक्रवार को समाप्त हो गया है. ग्रामीणों की मांग पर बिजली विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गये नये ट्रांसफार्मर का उद्घाटन ग्राम प्रधान प्रवीर सिंहदेव ने ग्रामीणों की मौजूदगी में फीता काटकर किया. नया ट्रांसफार्मर स्थापित होते ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारू हो गयी, जिससे पूरा गांव एक बार फिर रोशनी से जगमगा उठा. बिजली आते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और चेहरे पर खुशी साफ झलक उठी.
छह दिनों तक अंधेरे में रहने को मजबूर थे ग्रामीण
गौरतलब है कि पिछले छह दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने से बनडीह टोला में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप थी. शाम होते ही पूरा गांव घने अंधेरे में डूब जाता था. बिजली के अभाव में स्कूली बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही थी, वहीं घरेलू कामकाज भी काफी मुश्किल हो गये थे. इसके अलावा मोबाइल चार्ज करने और रात के समय सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. लगातार बिजली बाधित रहने के कारण ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही थी.
ग्रामीणों की पहल रंग लायी, सामान्य हुई आपूर्ति
स्थानीय ग्रामीणों ने खराब ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द बदलने की मांग बिजली विभाग के समक्ष रखी थी. विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया, जिसे बनडीह टोला में स्थापित कर चालू कर दिया गया. ट्रांसफार्मर के शुरू होने से अब बिजली व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर लौट आई है. इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब दैनिक कार्यों और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में कोई बाधा नहीं आयेगी.
