राजनगर प्रखंड क्षेत्र के सोसोमली स्थित प्रोजेक्ट हाई स्कूल मैदान में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन सह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए.
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रेम मार्डी ने कहा कि जेएलकेएम राज्य में जनहित, स्थानीय अधिकार, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है. उन्होंने कहा कि जनता का बढ़ता विश्वास इस बात का प्रमाण है कि झारखंड में सकारात्मक बदलाव की अपेक्षा अब जनआंदोलन का स्वरूप ले रही है.
उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य जनता की आवाज को मजबूती के साथ उठाना और विकास के साथ स्थानीय हितों की रक्षा करना है. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की सदस्यता ली.नए सदस्यों का पार्टी नेताओं ने स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया.
