चांडिल: सरायकेला - खरसावां जिला के जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईचागढ़ का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में भी पूछताछ की.
वर्षा के मौसम में सीजनल फीवर के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष ने अस्पताल की व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ हरेंद्र सिंह मुंडा से अस्पताल में मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यक दवाओं के स्टॉक, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली.
निरीक्षण के दौरान ईचागढ़ एवं कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के कई मरीज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती पाए गए. उपाध्यक्ष ने मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अस्पताल प्रबंधन से उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा. उन्होंने सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना की.
जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को समय पर इलाज और आवश्यक दवाएं मिलें, इसके लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत किया जाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा चिकित्सकीय सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया. साथ ही मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अस्पताल में आवश्यक दवाओं एवं अन्य सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
