चांडिल: चांडिल रेलवे जंक्शन का शुक्रवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम एके जैन ने सुरक्षा एवं यात्री सुविधा को लेकर विस्तृत निरीक्षण किया. करीब साढ़े चार बजे जीएम विशेष सैलून से चांडिल रेलवे जंक्शन पहुंचे. उनके पहुंचते ही रेलवे के अधिकारियों, इंजीनियरों, तकनीकी टीम और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद जीएम ने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया और यात्री सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
निरीक्षण के दौरान जीएम एके जैन ने रेलवे स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था, टिकट काउंटर, ट्रेनों की जानकारी के लिए लगाए गए डिस्प्ले बोर्ड, लिफ्ट, प्लेटफार्म, साउंड सिस्टम, फुट ओवरब्रिज सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने स्टेशन परिसर में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली और जहां आवश्यक सुधार की जरूरत महसूस हुई, वहां संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
जीएम ने विशेष रूप से स्टेशन में लगे लिफ्ट की सुविधा का जायजा लिया. उन्होंने लिफ्ट के संचालन और उसके सेल्फ फीचर की जांच कर यह देखा कि यात्रियों के लिए यह सुविधा सुचारू रूप से काम कर रही है या नहीं. लिफ्ट के संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुधार की आवश्यकता होने पर उसे तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है, इसलिए स्टेशन पर उपलब्ध सभी सुविधाएं बेहतर और सुचारू रहनी चाहिए. निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जीएम एके जैन ने कहा कि वे मुख्य रूप से सेफ्टी निरीक्षण के लिए क्षेत्र के दौरे पर हैं. उन्होंने बताया कि निरीक्षण की शुरुआत आद्रा से हुई, जिसके बाद बोकारो, पुरुलिया और चांडिल स्टेशन का निरीक्षण किया गया. चांडिल स्टेशन में बीएसएस के अंतर्गत किए गए कार्यों की भी जानकारी ली गई तथा यह देखा गया कि कौन-कौन से कार्य पूरे हो चुके हैं और कौन से कार्य अभी बाकी हैं.
उन्होंने कहा कि स्टेशन में जो कार्य अभी पूरे नहीं हुए हैं, उन्हें किस प्रकार जल्द पूरा किया जा सकता है, इसकी जानकारी ली गई है. संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम से कार्यों की वर्तमान स्थिति के बारे में चर्चा की गई. आवश्यक सुधार और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे.
जीएम ने कहा कि निरीक्षण के दौरान पूरी तकनीकी टीम उनके साथ मौजूद थी. टीम ने स्टेशन की व्यवस्थाओं और तकनीकी सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया. निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर करने तथा जिन सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता है, उन्हें बेहतर करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है. जीएम के निरीक्षण को लेकर स्टेशन परिसर में दिनभर रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रियता बनी रही. निरीक्षण के दौरान साफ सफाई व सुरक्षा व्यवस्था को भी विशेष रूप से ध्यान में रखा गया. अधिकारियों ने जीएम को स्टेशन से संबंधित विभिन्न योजनाओं, यात्री सुविधाओं और चल रहे कार्यों की जानकारी दी.
