सरायकेला: लंबे समय से बीमारी के कारण विद्यालय से दूर रही कक्षा सात की छात्रा को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के प्रयास से दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा गया. राजनगर प्रखंड के टोला खोकरो गोविंदपुर गांव की छात्रा का कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, राजनगर में कक्षा सात में पुनः नामांकन कराया गया.
स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण छात्रा लंबे समय से विद्यालय नहीं जा पा रही थी, जिससे उसकी पढ़ाई बाधित हो गई थी. छात्रा के माता-पिता को दोबारा नामांकन कराने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
इसी दौरान मामले की जानकारी पैरा लीगल वॉलंटियर रवि कांत भगत को मिली. उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव को दी. मामले का संज्ञान लेते हुए डालसा ने जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराकर छात्रा का कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, राजनगर में पुनः नामांकन कराया.
शिक्षा के अधिकार से वंचित न हों बच्चे
डालसा सचिव तौसीफ मेराज ने कहा कि बीमारी, आर्थिक-सामाजिक परेशानी या प्रशासनिक कठिनाइयों के कारण किसी भी बच्चे की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए. जरूरतमंद बच्चों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा.
