खूंटपानी से अजय महतो की रिपोर्ट
खूंटपानी प्रखंड मुख्यालय में पश्चिमी सिंहभूम के डीडीसी उत्कर्ष कुमार ने चुप्पी तोड़ो, स्वास्थ्य रहो जागरुकता रथ को रवाना किया. यह जागरूकता रथ प्रखंड के सुदूर और ग्रामीण इलाकों में जाकर नुक्कड़ नाटकों, प्रचार सामग्री और उद्घोषणा के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को शिक्षित करता है.
किशोरियों को वैज्ञानिक जानकारी देने पर जोर
डीडीसी उत्कर्ष कुमार ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को माहवारी और मासिक धर्म स्वच्छता से संबंधित सही और वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करना, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना साथ ही समाज में व्याप्त भ्रांतियों एवं मिथकों को दूर करना है.
मासिक धर्म को लेकर भ्रांतियां दूर करने की अपील
प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक प्राकृतिक और सामान्य प्रक्रिया है. यह स्वस्थ शरीर का संकेत है, लेकिन दुर्भाग्यवश आज भी हमारे समाज में इसे लेकर कई भ्रांतियां, संकोच और भेदभाव मौजूद हैं. इसे दूर करने पर बल दिया. जिला परिषद सदस्य यमुना तियू कहा कि हर किशोरी, लड़की और महिला को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक माहौल मिले.
स्वच्छता और जागरूकता बढ़ाने पर दिया बल
बीडीओ धनंजय पाठन ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी किशोरियों को स्वच्छ सेनेटरी पैड, साफ पानी, शौचालय और सही जानकारी उपलब्ध हो. सीएचसी प्रभारी डॉ आलोक रंजन महतो ने कहा कि मासिक धर्म स्वच्छता पर समुदाय में जागरूकता आई है, लेकिन अभी भी इस पर खुलकर बात नहीं की जाती है. इस चुप्पी को तोड़ना है.
यह भी पढ़ें: गढ़वा: ‘PhonePe’ से घूस लेने वाले राजस्व कर्मचारी पर गिरी गाज, वीडियो वायरल होने के बाद हुए सस्पेंड
यह भी पढ़ें: JUVNL घोटाला: 109 करोड़ रुपये के गबन मामले में आरोपी अरग्य सेनगुप्ता को झारखंड हाईकोर्ट से मिली जमानत
