चौका : टाटा - रांची मार्ग एनएच-33 स्थित चौका मोड़ ओवरब्रिज और उसके आसपास लगी स्ट्रीट लाइटें पिछले करीब एक महीने से बंद पड़ी हैं. इसके कारण शाम ढलते ही पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है और रोजाना हजारों वाहन चालकों, राहगीरों तथा स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. राष्ट्रीय राजमार्ग की मुख्य सड़क के साथ-साथ सर्विस रोड भी अंधेरे में डूबी रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बढ़ गई है.
चौका मोड़ एनएच-33 का व्यस्त चौराहा माना जाता है, जहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही बनी रहती है. बावजूद इसके स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से रात के समय दृश्यता काफी कम हो गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरे के कारण वाहन चालकों को सड़क और सर्विस रोड पर चलने में कठिनाई होती है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है.
दुकानदारों ने बताया कि रोशनी नहीं रहने के कारण शाम होते ही ग्राहक कम आने लगे हैं. सुरक्षा की चिंता के कारण कई दुकानदार निर्धारित समय से पहले ही दुकानें बंद कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी और छिनतई जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं.
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि स्ट्रीट लाइटें किस कारण से बंद हैं, इसकी जानकारी किसी विभाग की ओर से नहीं दी गई है. उन्होंने एनएच प्राधिकरण और संबंधित विभाग से अविलंब खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराने की मांग की है, ताकि सड़क पर आवागमन सुरक्षित हो सके और लोगों को राहत मिल सके.
