Arjun Munda, सरायकेला (शचिंद्र कुमार दाश): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हालिया बयान पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए गई भाषा को ‘अमर्यादित और आपत्तिजनक’ बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के लिए इस तरह की शब्दावली का प्रयोग करना भारतीय लोकतंत्र की गरिमा के खिलाफ है.
‘आतंकवादी’ शब्द के प्रयोग को बताया जनादेश का अपमान
अर्जुन मुंडा ने कड़े शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री के लिए ‘आतंकवादी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना देश के उन करोड़ों लोगों के जनादेश का सीधा अपमान है, जिन्होंने प्रधानमंत्री को चुना है. उन्होंने कहा कि यह महज एक राजनीतिक बयान नहीं है, बल्कि यह देश की छवि को वैश्विक स्तर पर आघात पहुंचाने वाला कृत्य है. उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन भाषा की मर्यादा का पालन करना हर राजनीतिक दल और उसके नेतृत्व की जिम्मेदारी है.
Also Read: चंद्रपुरा थर्मल प्लांट में मजदूरों की भूख हड़ताल शुरू, लंबा चलेगा आंदोलन
कांग्रेस की गिरती साख पर साधा निशाना
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस की वर्तमान स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इसी तरह की स्तरहीन और नकारात्मक राजनीति के कारण भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का जनाधार दिन-प्रतिदिन कम होता जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि देश की जनता अब भावनात्मक और भ्रामक बयानबाजी के झांसे में नहीं आने वाली. आज का भारत विकास, स्थिरता और एक मजबूत नेतृत्व को प्राथमिकता दे रहा है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है.
लोकतंत्र की मर्यादा को बताया सर्वोपरि
अर्जुन मुंडा ने जोर देकर कहा कि देशवासी आज लोकतंत्र की मर्यादा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े हैं. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को सलाह देते हुए कहा कि नेताओं को संयमित और जिम्मेदार भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए. विभाजनकारी और अपमानजनक बयानों से पार्टी को क्षणिक लाभ तो मिल सकता है, लेकिन जनता की नजरों में उसकी गरिमा गिरती है.
कांग्रेस के जनाधार में कमी का दावा
मुंडा ने अंत में कहा कि कांग्रेस का ग्राफ जिस तेजी से गिर रहा है, वह उसके नेताओं की हताशा को दर्शाता है. जनता ऐसे अपमानजनक बयानों को पूरी तरह नकार रही है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी. सरायकेला में हुई इस बातचीत के दौरान कई स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
