सरायकेला से प्रताप मिश्रा की रिपोर्ट
Saraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में सोमवार को नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान नवनिर्वाचित महापौर संजय सरदार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. उनके साथ नगर निगम के 35 वार्ड पार्षदों ने भी शपथ ग्रहण किया.
जिला समाहरणालय सभागार में हुआ समारोह
शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सरायकेला जिला समाहरणालय के सभागार कक्ष में किया गया. इस मौके पर कोल्हान आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम और निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता (एडीसी) जयवर्धन कुमार ने मेयर संजय सरदार सहित सभी 35 वार्ड पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही.
अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ कार्यक्रम
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे. इस अवसर पर सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अभिनव प्रकाश, बीडीओ प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे. समारोह में पार्षदों के समर्थक और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे, जिससे सभागार का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा.
शहर के विकास को दी जाएगी प्राथमिकता
शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित मेयर संजय सरदार ने कहा कि आदित्यपुर शहर के समग्र विकास के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा. उन्होंने बताया कि शहर में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को बेहतर बनाना, सफाई व्यवस्था को मजबूत करना और होल्डिंग टैक्स से जुड़े मुद्दों का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में गैस के बाद अब खून का संकट, रिप्लेसमेंट पर दिया जा रहा ब्लड
जन समस्याओं के समाधान का भरोसा
मेयर संजय सरदार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की जनता ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश की जाएगी. उन्होंने कहा कि शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रशासन और पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा, ताकि आदित्यपुर को एक स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके.
इसे भी पढ़ें: जेएलकेएम के कोल्हान अध्यक्ष पर मारपीट और रंगदारी मांगने का आरोप, पुलिस कर रही पूछताछ
