जादूगोड़ा : सरायकेला-खरसावां जिले के अकादमिक अंगरेजी हाई स्कूल, राजनगर के कक्षा तीन व कक्षा आठ में पढ़ने वाले दो बच्चे स्कूल की प्रताड़ना से तंग आ कर गुरुवार को स्कूल से फरार हो गये. दोनों बच्चे स्कूल के हॉस्टल में रहते थे. एक बच्चे को जादूगोड़ा में स्थानीय लोगों ने पकड़ा व जादूगोड़ा पुलिस के हवाले कर दिया, वहीं दूसरे बच्चे का कोई पता नहीं चला है.
जानकारी के अनुसार कक्षा तीन में पढ़ने वाले बच्चे मोहन राव गुरुवार को टिफिन खाने के समय में स्कूल से भाग गया. स्कूल से फरार होने के बाद मोहन बस के माध्यम से भटकते हुए जादूगोड़ा मोड़ पहुंचा. यहां जादूगोड़ा के कुछ लोगों द्वारा उससे पूछताछ कर जादूगोड़ा थाना के हवाले कर दिया. जांच पड़ताल के बाद जादूगोड़ा थाना प्रभारी अरविंद प्रसाद यादव ने उक्त बच्चे को उनके स्कूल ड्रेस के बेल्ट के माध्यम से उनका स्कूल का पता लगाया और स्कूल से संपर्क करने के बाद उक्त बच्चे के परिजनों का पता करके परिजनों के हवाले कर दिया गया.
इधर स्कूल से दो बच्चे के फरार होने की खबर मिलते स्कूल में अफरा-तफरी मच गयी. दूसरी ओर जादूगोड़ा थाना प्रभारी द्वारा बच्चे से पूछताछ के बाद पता चला की बच्चे को स्कूल में पर्याप्त खाना नहीं दिया जा रहा था. साथ ही प्राचार्या द्वारा पिटाई भी की जाती थी.
जानकारी के अनुसार जमशेदपुर के कदमा स्थित शास्त्रीनगर ब्लॉक संख्या चार क्वार्टर संख्या 18 के रहने वाले पिता राजू राव और मां लक्ष्मी राव को बच्चे को सौंप दिया गया.
बच्च हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था : प्राचार्य
सरायकेला-खरसावां जिले के अकादमिक अंगरेजी हाई स्कूल, राजनगर के प्राचार्या अजय मिश्र ने बताया कि उनके ऊपर लगाया गया आरोप गलत है. बच्चे को आये हुए मात्र एक सप्ताह ही हुआ है और पहले ही उनके माता व पिता को कह दिया गया था की उनका बच्चा स्कूल व हॉस्टल में नहीं रहना चाहता है. उसे घर ले जायें, लेकिन उनके माता-पिता ने कहा कि वह हॉस्टल में रह सकता है और उसे हॉस्टल में ही रहने दें. उन्होंने बताया कि उनके बच्चे मोहन के साथ और एक कक्षा आठ का बच्चा भी फरार हो गया है, जिसे खोजने का प्रयास कर रहे हैं.
