Seraikela Kharsawan News : हाइवा और ट्रक की सीधी भिड़ंत, चालक की गयी जान
चांडिल. कपाली ओपी अंतर्गत कांदरबेड़ा-दोमुहानी मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया. पुड़ीसिली लक्ष्मी भट्टा के समीप हाइवा और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में हाइवा चालक रौशन सिंह(33) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वह सिदगोड़ा (सुकिया बस्ती के रोड नंबर 10) का रहने वाला था. वहीं ट्रक चालक अमित यादव इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस की कार्रवाई:
हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी थी. कपाली पुलिस ने हाइड्रा मशीन बुलाकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को बीच सड़क से हटवाया और उन्हें जब्त कर लिया. इसके बाद यातायात सामान्य हो सका. पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गयी है.
घटनास्थल पर मची चीख-पुकार
घटना बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे की है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा जमशेदपुर से चांडिल की ओर जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के साथ उसकी सीधी भिड़ंत हो गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा का अगला हिस्सा (केबिन) पूरी तरह से पिचक गया और चालक उसी के भीतर बुरी तरह फंस गया. सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद ली और गैस कटर मंगवाया गया. गैस कटर से केबिन के लोहे को काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं.
नेकराकोचा का तीखा मोड़ बना फिर हादसे का केंद्र, हाइवा चालक गंभीर रूप से घायल
राजनगर.हाटा-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे लौह अयस्क से लदा हाइवा (जेएच 05 डीएस 8211) ने आगे चल रहे गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में हाइवा चालक श्रवण चतोम्बर (पश्चिमी सिंहभूम के जयपुर के हाटगम्हरिया निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर ले जाया गया और स्थिति गंभीर होने पर एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया.
तीखे मोड़ पर लगातार हादसे, लोगों में बढ़ा डर:
जानकारी के अनुसार, नेकराकोचा के मोड़ पर पिछले 48 घंटे में तीन सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. सोमवार सुबह और रात को हुई घटनाओं में कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. लगातार दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश बढ़ गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस खतरनाक मोड़ पर उचित सुरक्षा उपाय किये जायें.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.