खरसावां : गरमी के दस्तक देते ही खरसावां व कुचाई क्षेत्र में बिजली संकट उत्पन्न हो गयी है. खरसावां, कुचाई, बडाबांबो, पांड्राशाली, आमदा के गांवों में नियमित रुप से बिजली की आपूर्ति नहीं हो पा रही है. शुक्रवार को दिन भर अनियमित बिजली की आपूर्ति हुई. हर आधे घंटे में बिजली की कटौती की गयी.
दिन भर बिजली की लुका छिपी के खेल के बाद शाम को लोड सेडिंग के नाम पर बिजली काटी गयी. इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. विभाग के सहायक अभियंता रवि प्रकाश ने बताया कि नियमित बिजली आपूर्ति के लिये 11 मेगा वाट बिजली की आवश्यकता है. परंतु ग्रिड को सिर्फ तीन से चार मेगा वाट बिजली मिल रही है. ऊपर से कम बिजली आपूर्ति के कारण शाम के समय लो वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो गयी है.
इधर भाजपा नेता भवेश मिश्रा ने कहा कि बिजली की नियमित रुप से आपूर्ति नहीं की गयी, तो राजखरसावां पावर सब स्टेशन में ताला लगा दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि विभाग के खिलाफ लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है. शाम होते ही खरसावां-कुचाई में ब्लैक आउट बिजली गुल रहने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
शाम के वक्त हर दिन खरसावां व कुचाई में ब्लैक आउट हो जाता है. शाम सात बजे से नौ बजे के बीच एक से डेढ़ घंटा बिजली गुल रहती है. खास कर पढ़ाई कर रहे बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है.स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से बिजली की कटौती का समय निर्धारित करने की मांग की है, ताकि लोग पहले से तैयार रहे.
