हाथियों को देखने गया था युवक, कुचल कर मार डाला

खरसावां : खरसावां वन क्षेत्र के बड़गांव पुलिया के पास जंगली हाथी के कुचलने से एक युवक की मौत हो गयी, जबकि हाथियों के दौड़ाने से दो अन्य लोग घायल भी हुए. मृतक हिनू सरदार (25), चिलकू पंचायत के बलरामपुर निवासी दुखू सरदार का पुत्र था. मंगलवार की सुबह करीब 8.30 बजे 25-30 की संख्या […]

खरसावां : खरसावां वन क्षेत्र के बड़गांव पुलिया के पास जंगली हाथी के कुचलने से एक युवक की मौत हो गयी, जबकि हाथियों के दौड़ाने से दो अन्य लोग घायल भी हुए. मृतक हिनू सरदार (25), चिलकू पंचायत के बलरामपुर निवासी दुखू सरदार का पुत्र था. मंगलवार की सुबह करीब 8.30 बजे 25-30 की संख्या में जंगली हाथियों का झुंड रायडीह व बड़गांव के आसपास पहुंचा. इस दौरान अन्य ग्रामीणों के साथ जंगली हाथियों को देखने पहुंचे हिनू सरदार को हाथियों ने दौड़ाते हुए रायडीह पुल के सामने खेत में पैरों तले कुचल कर मार दिया. हाथियों के दौड़ाने से भाग रहे दो अन्य लोग घायल भी हुए. हाथियों ने पांच अन्य ग्रामीणों को भी दौड़ाया, लेकिन वे सभी किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे.

वन विभाग ने 50 हजार मुआवजा दिया
घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम वन क्षेत्र पदाधिकारी केके साह के नेतृत्व में गांव पहुंची तथा मृतक के परिजन को तत्काल 50 हजार रुपये का मुआवजा सौंपा. रेंजर केके साह ने बताया कि मृतक के परिजन को 4 लाख का मुआवजा मिलेगा. अन्य कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुआवजे की बकाया 3.5 लाख की राशि का भुगतान किया जायेगा.
हाथियों को जंगल की ओर खदड़ेगी टीम: जंगली हाथियों को वन विभाग की टीम जंगल की ओर खदेड़ेगी. वन विभाग ने इसके लिए एक टीम गठित की है. वन क्षेत्र पदाधिकारी केके साह ने आम लोगों से हाथियों के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की है. मालूम हो कि करीब दो माह के बाद मंगलवार की सुबह खरसावां वन क्षेत्र में जंगली हाथी पहुंचे थे.
रायडीह पुलिया के पास हाथियों ने डाला डेरा
जंगली हाथियों के इस झुंड ने रायडीह (बड़गांव) पुलिया के पास डेरा डाल दिया है. झुंड में 25 से 30 की संख्या में हाथी हैं, जो वहां स्थित छोटी-छोटी झाड़ियों व खुले खेतों में विचरण कर रहे हैं. बीच-बीच में हाथियों के चिंघाड से गांव दहल जा रहा है, जबकि गांव के लोग उनके डर से सहमे हुए हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >