सरायकेला : प्रखंड के कमलपुर पंचायत अंतर्गत घोड़ालांग के ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय डांगरडीहा के विलय का विरोध किया है. इसे लेकर गुरुवार को झामुमो विधायक प्रतिनिधि मांगीलाल महतो के नेतृत्व में ग्रामीण डीसी ऑफीस पहुंचे और विलय के प्रस्ताव को रद्द करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान विद्यालय में छात्र संख्या 19 है, जबकि तीन माह में कुछ अन्य बच्चों का नामांकन होने वाले हैं. ग्रामीणों ने विद्यालय में छात्र की संख्या कम होने के कारणों को बताते हुए कहा कि 1972 में इस विद्यालय की स्थापना हुई है. विद्यालय रहते हुए 160 परिवार वाले इस गांव के डंगरडीहा टोला में नव प्राथमिक विद्यालय खोल दिया गया.
इस गांव करीब 35 बच्चे आठ सौ मीटर दूर एनपीएस विद्यालय जाते हैं. वहीं करीब छह वर्षों से विद्यालय दो पारा शिक्षक के भरोसे चला. विद्यालय भवन भी जर्जर है. ग्रामीणों ने कहा कि गांव का एक टोला लारीडीह पोषक क्षेत्र में विद्यालय नहीं है, लेकिन गांव के लोग मजबूरन अपने बच्चों को दूर के विद्यालय में भेजते हैं. मौके पर ग्राम प्रधान हीरालाल प्रधान, विमल प्रधान, कल्पना महतो, दिगंबर सरदार, मनोज कुमार महतो, विनय उरांव, संगीता महतो, सुधा रानी महतो, दीपक उरांव, गणेश चंद्र गोप, मुकेश कुमार महतो आदि ग्रामीण मौजूद थे.
