सरायकेला : राजनगर प्रखंड के हेरमा पंचायत अंतर्गत सोनापोसी गांव के सैकड़ों गरीब लाभुकों को मई से अनाज नहीं मिला है, जो पूरे पीडीएस सिस्टम की लापरवाही को दर्शाता है. मामले को लेकर बुधवार को राजनगर भाग-18 के जिला परिषद सदस्य अनिल सोरेन के नेतृत्व में सैकड़ों लाभुक डीसी ऑफिस पहुंचे और अपने हक की मांग की. लाभुकों ने बताया कि पांच माह से डीलर मंगला मुर्मू द्वारा उन्हें चावल व केराेसिन नहीं दिया गया है. इससे कई लाभुकों के परिवार भुखमरी के संकट से गुजर
रहे हैं.
डीलर कई लाभुकों से ई-पॉश मशीन में जबरन अंगूठा लगवा लिया.
बावजूद अनाज नहीं दिया गया. इस दौरान लाभुकों ने खाद्यान्न का वितरण कराने के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पांच माह का बकाया खाद्यान्न के एवज में मुआवजा देने की मांग को लेकर डीसी छवि रंजन एवं डीएसओ अनूप शरण को ज्ञापन सौंपा.
पांच माह से लाभुकों को अनाज नहीं मिला है. सभी को जल्द से जल्द खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाये और खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत
पांच माह के बकाया खाद्यान्न के एवज में सभी लाभुकों को मुआवजा दी जाये.
-अनिल सोरेन, जिप सदस्य
राजनगर भाग-18
लाभुकों की शिकायत पर तत्काल प्रभाव से डीलर मंगला मुर्मू को निलंबित कर दिया गया है. निलंबन अवधि में लाभुकों को खाद्यान्न के लिए निकट के डीलर से ई-पॉश को टैग किया जायेगा. जांच में दोषी होने पर डीलर का लाइसेंस रद्द होगा.
अनूप किशोर शरण, डीएसओ, सरायकेला
