हेंसाकोचा . 14 महिला समितियां चला रहीं शराबबंदी अभियान
चौका थाना में ज्ञापन देने के बावजूद शराब माफियों पर नहीं हुई कार्रवाई
माफिया दे रहे चेतावनी, माओवादी कुछ नहीं कर सके तो पुलिस या महिलाएं क्या कर लेंगी
सरायकेला/चांडिल : चांडिल प्रखंड अंतर्गत हेंसाकोचा पंचायत की 14 महिला समितियों की महिलाओं ने उत्पाद अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कर पंचायत के विभिन्न गांवों में चल रही अवैध शराब भट्ठियों को बंद कराने की मांग की है. ज्ञापन में बताया गया है कि विगत 28 मई को पंचायत के रांका गांव में महिला समूहों के साथ ही मुखिया एवं जिला परिषद् की हुई बैठक में पूरे पंचायत में शराबबंदी का निर्णय लिया गया था. इसके बावजूद पंचायत क्षेत्र में शराब की अवैध चुलाई और बिक्री जारी रहा.
इसके बाद महिलाओं ने तीन जून को चौका थाना में लिखित नामजद मामला दर्ज कराते हुए अवैध शराब भट्ठी को बंद कराने की मांग की, लेकिन चौका पुलिस द्वारा उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी जिसके कारण पंचायत के कई गांवों में आज भी अवैध शराब का कारोबार खुलेआम जारी है.
पंचायत क्षेत्र में इनके द्वारा की जा रही शराब की अवैध चुलाई: फनी प्रसाद मुंडा, फूलचंद मछुआ, रतन मछुआ, गुरुपद मछुआ, जयदेव मछुआ, योगेंद्र सिंह मुंडा, गोराचंद मुंडा, मनोज सिंह मुंडा, गोवर्धन लोहरा, हीरासिंह मुंडा, धनीराम मुंडा, रथू महाली, महेश महाली, नेहरू माझी, मंगल माझी, विधु माझी, गोविन माझी, सुकराम माझी, हीरा, रंजीत व रेंगदा.
जान मारने की धमकी दे रहे हैं भट्ठी वाले
महिलाओं ने कहा है कि अवैध शराब भट्ठी चलानेवाले शराबबंदी के लिए अभियान में शामिल महिलाओं को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. यही नहीं, वे कहते हैं कि जब माओवादी शराब भट्ठी बंद नहीं करा पाये तो ये महिला समिति और पुलिस भट्ठी कैसे बंद करा देगी. महिलाओं ने बताया कि शराब माफियाओं की प्रति दिन बड़ामटांड़ गावं में बैठक होती है, जहां महिलाओं का अपमान किया जाता है. पंचायत के हेंसाकोचा, मुसरीबेड़ा, कॉलोनी, पालना, टुरू, महलीडीह, रांका व मुरुपडीह समेत कई गावों में खुलेआम शराब भट्ठी संचालित की जा रही है. ज्ञापन सौंपने वालों में पानपती बेसरा, करला देवी, पार्वती टुडू, अमृता मुंडा, गुरुमनी माझी, सरला देवी, अनीता देवी, लखी देवी, निशा टुडू, राखी सिंह, मंगली बेसरा व ममता देवी समेत काफी संख्या में महिलाएं शामिल थीं.
महिला समिति द्वारा दिये गये ज्ञापन के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर सभी शराब भट्ठियों को बंद कराया जाएगा. शराब भट्ठियों को बंद कराते हुए संचालकों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.
जीतेंद्र कुमार, उत्पाद अधीक्षक, सरायकेला खरसावां
