चक्रधरपुर नप कार्यालय में घटी घटना. ठेकेदारों ने किया हंगामा, मारपीट
37 योजनाओं का टेंडर पेपर खरीदने का था अंतिम दिन
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर नगर पर्षद कार्यालय में बुधवार को टेंडर पेपर खरीदने पहुंचे कुछ ठेकेदारों के बीच झड़प हो गयी. एक ही राजनीतिक दल से जुड़े दो ठेकेदारों के बीच हुई गाली-गलौज और मारपीट से करीब 15 मिनट तक पूरा परिसर रणक्षेत्र बना रहा. इसी दौरान भीड़ के बीच एक ठेकेदार ने एक दूसरे से उसका टेंडर पेपर ही छीन लिया.
चक्रधरपुर नगर पर्षद में करीब डेढ़ करोड़ रुपये से बनने वाली 27 सड़कों, नालियों आदि योजनाओं के टेंडर पेपर खरीदने का बुधवार को अंतिम दिन था. सुबह से ही पेपर खरीदने के लिए ठेकेदारों की भीड़ लगी थी. शाम करीब साढ़े पांच बजे किसी बात पर ठेकेदार रूपेश साव (भाजपा नगर अध्यक्ष) तथा परविंदर चौहान (भाजयुमो नगर अध्यक्ष) आपस में उलझ गये और तूतू-मैैंमैं करते हुए मारपीट करने लगे. हंगामे की सूचना मिलने के बाद चक्रधरपुर थाने के एएसआइ निशात आलम दल बल के साथ नगर पर्षद कार्यालय पहुंचे. पुलिस ने वहां जुटी ठेकेदारों की भीड़ को खदेड़ा, तब जाकर मामला शांत हुआ. टेंडर पेपर छीनने की शिकायत: ठेकेदार गुड्डू सिंह ने समरेश सिंह पर टेंडर पेपर छीनने का आरोप लगाते हुए इसकी लिखित शिकायत पुलिस से की है. गुड्डू ने बताया कि वार्ड संख्या 20 में बनने वाली दो सड़क योजनाओं का टेंडर पेपर उन्होंने खरीदा था, तभी समरेश ने ‘क्यों खरीदा’ कहकर पेपर छीन लिया. दूसरी ओर, समरेश का कहना है कि उन्होंने किसी का टेंडर पेपर नहीं छीना है.
पूरी सुरक्षा के बीच जमा होगा टेंडर : कार्यपालक
बुधवार शाम हुई घटना के बाद कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि वह हंगामे के समय कार्यालय में नहीं थे. उन्होंने आश्वश्त किया कि 24 अगस्त को टेंडर पेपर जमा लेने के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे.
