प्रमुख के पक्ष में दो, खिलाफ 24 वोट पड़े,
पंसस ने कहा- सर्वसम्मति से होगा नये प्रमुख का चुनाव
पंसस ने प्रमुख पर लगाया था लापरवाही का आरोप
एसडीओ की उपस्थिति में गुप्त मतदान से हुआ निर्णय
राजनगर : राजनगर प्रखंड पंचायत समिति के सदस्यों ने प्रखंड प्रमुख विशु हेंब्रम के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है. प्रस्ताव पर श्री हेंब्रम के पक्ष में मात्र दो वोट पड़े, जबकि 24 पंचायत समिति सदस्यों ने उनके विरोध में अपना वोट दिया. राजनगर प्रखंड कार्यालय के सभाकक्ष में अनुमंडल पदाधिकारी संदीप कुमार दुबे एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी निवेदिता नियति की उपस्थिति में हुई पंचायत समिति की बैठक में यह प्रस्ताव लाया गया, जिस पर विचार के पश्चात गुप्त मतदान के जरिये सदस्यों का मंतव्य लिया गया. एसडीओ श्री दुबे ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव पर गुप्त मतदान हुआ,
जिसमें निवर्तमान प्रमुख के पक्ष में दो और विरोध में 24 मत पड़े, जबकि एक मत तटस्थ रहा.
पंसस ने लगाया असफलता का आरोप : पंचायत समिति के सदस्यों ने प्रमुख विशु हेंब्रम पर लापरवाही बरतने, मासिक समीक्षा बैठक बुलाने में असफल रहने, पंचायत समिति सदस्यों द्वारा मांगी गयी सूचनाएं उपलब्ध कराने में सहयोग नहीं करने, बैठक में पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं कराने व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों व कर्मचारियों पर प्रशासनिक नियंत्रण का अभाव रहने का आरोप लगाया था.
क्या था मामला
राजनगर प्रखंड पंचायत समिति के सदस्यों ने विगत दिनों एसडीओ संदीप कुमार दुबे को ज्ञापन सौंपकर प्रखंड प्रमुख विशु हेंब्रम को हटाने के लिए उनके विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की थी. मामले का संज्ञान लेते हुए एसडीओ ने अविश्वास प्रस्ताव लाने की अनुमति दी. एसडीओ ने कहा कि पंचायत समिति के एक चौथाई से अधिक सदस्यों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की गयी थी. मंगलवार को अविश्वास प्रस्ताव लाया गया, जिस पर गुप्त मतदान से निर्णय लिया गया. निर्णय की जानकारी पंचायती राज पदाधिकारी को भी दे दी गयी है.
सर्वसम्मति से होगा प्रमुख का चुनाव : सिंहदेव
प्रखंड उप प्रमुख विनय सिंहदेव ने कहा कि राजनगर प्रखंड में प्रमुख का चुनाव सर्वसम्मति से ही होगा. इसके लिए सभी पंचायत समिति सदस्य आपस में बैठ कर निर्णय लेंगे. श्री सिंहदेव ने कहा कि जल्द ही पंचायत समिति के सदस्यों की बैठक आयोजित कर नये प्रमुख के नाम की घोषणा की जायेगी. याद रहे कि श्री हेंब्रम के विरुद्ध विगत वर्ष भी अविश्वास प्रस्ताव लाने की अनुमति मांगी गयी थी. राजनगर प्रखंड प्रमुख विशु हेंब्रम के खिलाफ पंचायत समिति के सदस्यों ने विगत वर्ष 29 जून 2016 को अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग रखी थी, परंतु प्रमुख का कार्यकाल एक वर्ष नहीं होने के कराण सदस्यों की मांग खारीज हो गयी थी.
