खेलते-खेलते 10 साल के गोलू के साथ हुआ हादसा, दादी ने देखा तो उड़ गए होश...

सरायकेला में एक दिल दहला देने वाली घटना में 10 वर्षीय रुद्र की घर के अहाते में खेलते समय गले में रस्सी फंसने से मौत हो गई. घटना के बाद से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

सरायकेला: सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या दो में शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. खेलने के दौरान गले में प्लास्टिक की रस्सी फंस जाने से बच्चे की जान चली गयी. घटना के बाद से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पहचान धर्मशाला मोड़ के समीप पंजाब नेशनल बैंक के पास रहने वाले तापस सिंह मोदक के पुत्र रुद्र सिंह मोदक उर्फ गोलू (10) के रूप में हुई है.

घर की बाड़ी में खेलने गया था गोलू

परिजनों के अनुसार, गोलू शनिवार को करीब 12:30 बजे रोज की तरह घर की बाड़ी की ओर खेलने गया था. उस समय उसकी दादी घर के अंदर थीं. काफी देर तक जब गोलू वापस नहीं आया, तो दादी उसे देखने के लिए बाड़ी की ओर गयीं. वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गये. गोलू जमीन पर बेसुध पड़ा था और उसके गले में कार्टून बांधने वाली प्लास्टिक की रस्सी लिपटी हुई थी.

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में गोलू को सदर अस्पताल, सरायकेला लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार, गले में रस्सी का दबाव पड़ने से दम घुटने के कारण बच्चे की मौत हुई. घटना की सूचना मिलने पर सरायकेला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

मां के निधन के बाद दादी करती थीं देखभाल

बताया गया कि गोलू दो भाइयों में सबसे छोटा था और काफी चंचल स्वभाव का था. उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका था. इसके बाद उसकी देखभाल मुख्य रूप से दादी ही करती थीं. पोते की मौत के बाद दादी का रो-रोकर बुरा हाल है. अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया खेल-खेल में दुर्घटना होने की बात सामने आयी है. उन्होंने बताया कि बच्चा घर के बाहर बांस में रस्सी के सहारे बनाये गये झूले पर झूल रहा था. इसी दौरान गिरने से रस्सी उसके गले में फंस गयी होगी, जिससे दबाव पड़ने के कारण उसकी मौत हो गयी. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dheeraj Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >