बरहरवा में सुबह-सुबह सनसनी: काहरपाड़ा में फंदे से लटका मिला 19 वर्षीय युवक

बरहरवा-फरक्का मार्ग पर युवक का शव लटका मिलने से सनसनी. 19 वर्षीय शाहबाज की मौत का कारण अज्ञात. पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार.

प्रतिनिधि, बरहरवा : बरहरवा थाना क्षेत्र के बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर काहरपाड़ा के समीप शनिवार की सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान काहरपाड़ा निवासी शाहबाज शेख (19), पिता जहरुल शेख के रूप में हुई है.

फूल तोड़ने पहुंची महिला की नजर पड़ी, मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार शाहबाज पिछले तीन-चार वर्षों से बड़े वाहनों की देखभाल का काम करता था. काम के सिलसिले में वह रात में घटनास्थल के समीप ही सोता था. शुक्रवार की रात भी वह रोजाना की तरह वहीं मौजूद था.

शनिवार की सुबह करीब सात बजे एक महिला फूल तोड़ने के लिए वहां पहुंची. इसी दौरान उसकी नजर फंदे से लटके शाहबाज के शव पर पड़ी. शव देखते ही महिला ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गयी.

पुलिस ने शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही बरहरवा थाना के एसआई सुदामा सिंह और एसएसआई अभिनाश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी. वहीं, युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था शाहबाज

पड़ोसियों के अनुसार शाहबाज दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था. उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.

बरहरवा थाना के एसआई सुदामा सिंह ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विशाल कुमार कुशवाहा

विशाल कुमार कुशवाहा, शिक्षा - स्नातकोत्तर. पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 3 वर्षों से कार्य कर रहा हूं.जिसमें मैं शिक्षा,स्वास्थ्य,क्राइम,रोजाना की सरकारी गतिविधियों एवं जनहित से जुड़े मद्दों सहित अन्य छोटे बड़े घटनाओं पर खबर बनाता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >