प्रतिनिधि, उधवा. उधवा प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय उधवा के मैदान में शनिवार को प्रीमियर लीग सीजन-2 चौका-छक्का क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ. टूर्नामेंट का उद्घाटन युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष तनवीर राजा एवं प्लस टू उच्च विद्यालय उधवा के एसएमसी अध्यक्ष वसीम रेजा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. उद्घाटन के बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया.
खेल से अनुशासन और टीम भावना को मिलता है बढ़ावा
टूर्नामेंट शुरू होते ही मैदान में खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह देखते ही बना. अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच से जोड़ने का बेहतर माध्यम है. खिलाड़ियों को जीत-हार की चिंता किए बिना पूरी खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए. उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं.
पहले मुकाबले में नाजिर 11 ने हासिल की जीत
टूर्नामेंट कमेटी के सदस्यों ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं. शनिवार को टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मोहनपुर और नाजिर 11 के बीच खेला गया. मोहनपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित पारी में 76 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाजिर 11 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया.
पहले मुकाबले के साथ ही टूर्नामेंट में रोमांच बढ़ गया है. आने वाले मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.
मौके पर सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर आरिफ आलम, अतिकुल इस्लाम, इदरीस आलम, जसीम अख्तर, प्रेम सरकार, मोफजुल शेख, जिलानी, तारिक, समीर, प्रताप अहमद, इंजमामुल दिवाकर समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
