तीनपहाड़ मुख्य बाजार में रोज लगने वाला जाम बना मुसीबत, लोग परेशान

तीनपहाड़ मुख्य बाजार में रोज लगने वाले जाम से आम लोग और वाहन चालक परेशान हैं। एंबुलेंस के फंसने के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

तीनपहाड़. तीनपहाड़ मुख्य बाजार में प्रतिदिन लगने वाले जाम से वाहन चालकों, राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्टेशन चौक से बस स्टैंड मोड़ तक अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार में टोटो एवं टेंपो चालकों द्वारा सड़क किनारे और अन्य स्थानों पर मनमाने ढंग से वाहन खड़े कर दिए जाने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है.

आधे घंटे तक जाम में फंसी रही एंबुलेंस

जैसे ही कोई बड़ा वाहन बाजार में प्रवेश करता है, जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. इससे लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों के साथ-साथ आम लोगों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. बुधवार को जाम की स्थिति उस समय और गंभीर हो गयी, जब एक एंबुलेंस भी वाहनों की लंबी कतार में फंस गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस का सायरन लगातार बजता रहा, लेकिन जाम के कारण उसे रास्ता नहीं मिल सका. करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस सहित अन्य वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ सके.

अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से बढ़ रही परेशानी

जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा समय-समय पर चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति की जाती है. हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके हटते ही फिर से सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े होने लगते हैं और जाम की स्थिति बन जाती है. स्थानीय लोगों ने बताया कि राजमहल के सीओ मो. यूसुफ भी कई बार तीनपहाड़ बाजार का निरीक्षण कर दुकानदारों को अपनी निर्धारित सीमा के भीतर दुकान लगाने का निर्देश दे चुके हैं. उन्होंने स्थिति में सुधार नहीं होने पर नोटिस जारी करने की चेतावनी भी दी थी. इसके बावजूद अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है.

बिना पंजीकरण टोटो चलने का भी दावा

स्थानीय सूत्रों का दावा है कि तीनपहाड़ बाजार में संचालित कई टोटो एवं टेंपो का अब तक पंजीकरण नहीं कराया गया है और वे बिना पंजीकरण के सड़कों पर चल रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि संबंधित विभाग इस मामले की जांच करे, तो नियमों का पालन सुनिश्चित होने के साथ-साथ सरकार के राजस्व में भी वृद्धि हो सकती है. हालांकि, इस संबंध में प्रशासन या परिवहन विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है.

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या पर नियंत्रण के लिए चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. टोटो एवं टेंपो चालकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और बिना कारण सड़क किनारे वाहन न लगायें. यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. -मृत्युंजय कुमार पांडे, थाना प्रभारी

ये भी पढ़ें- Dhanbad SIR: धनबाद में मतदाताओं की प्रारूप सूची जारी, शाम चार बजे तक बूथों पर देख सकेंगे अपना नाम

ये भी पढ़ें- आंदोलनकारी छात्रों से मिले बाबूलाल मरांडी, बोले- JPSC-JSSC गड़बड़ी की हो सीबीआई जांच


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >