15 साल में साहिबगंज की आबादी 4 लाख से अधिक बढ़ी

साहिबगंज जिले की आबादी 15 वर्षों में 4 लाख बढ़कर 15.59 लाख हो गई है। स्वास्थ्य विभाग परिवार नियोजन के लिए विशेष जागरूकता अभियान चला रहा है।

साहिबगंज. जिले में लगातार बढ़ती आबादी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है. विभागीय आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2011 की जनगणना में जिले की आबादी 11,50,567 थी, जो वर्तमान में बढ़कर लगभग 15,59,251 हो गयी है. यानी पिछले 15 वर्षों में जिले की आबादी में करीब 4.09 लाख की वृद्धि दर्ज की गयी है.

वर्ष 2026 के अनुमानित आंकड़ों के अनुसार जिले में 7,92,102 पुरुष और 7,55,140 महिलाएं हैं. जिले का लिंगानुपात 952 महिलाएं प्रति 1000 पुरुष है, जो वर्ष 2011 के समान बना हुआ है. जिले में साहिबगंज, मंडरो, बोरियो, बरहेट, तालझारी, राजमहल, उधवा, पतना और बरहरवा सहित नौ प्रखंड हैं.

वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार अनुसूचित जाति की आबादी 6.32 प्रतिशत तथा अनुसूचित जनजाति की आबादी 26.80 प्रतिशत थी. स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि जनसंख्या वृद्धि के पीछे परिवार नियोजन के प्रति जागरुकता की कमी प्रमुख कारण है. महिला बंध्याकरण और पुरुष नसबंदी के निर्धारित लक्ष्य हासिल करने में विभाग को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. विशेष रूप से पुरुष नसबंदी के मामले में जिला राज्य के पिछड़े जिलों में शामिल है.

इसी चुनौती को देखते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्देश पर 11 से 24 जुलाई तक सदर अस्पताल परिसर में परिवार स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जायेगा. 11 जुलाई को सुबह 11 बजे उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, डीडीसी सतीश चंद्रा और सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत करेंगे.

सिविल सर्जन ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में परिवार स्वास्थ्य मेला व परिवार नियोजन जागरुकता अभियान 10 अगस्त तक चलेगा. अभियान के दौरान लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की जानकारी देने के साथ निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति पर विशेष जोर दिया जायेगा. क्या कहते हैं पदाधिकारी साहिबगंज जिले में जनसंख्या बढ़ी है. लगभग 15 लाख 59 हजार 251 है. जनगणना नियम से की जाती है. अनिल कुमार, जिला सांख्यकी पदाधिकारी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abdhesh singh

Published by: Kumarvishwat Sen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >