साहिबगंज जिला अंतर्गत संचालित सर्वजन पेंशन योजना के तहत मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना तथा स्वामी विवेकानंद निशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के पात्र लाभुकों के सत्यापन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गयी है. सत्यापन के उपरांत जिले के कुल 1,38,540 पात्र लाभुकों को अप्रैल से जुलाई 2026 तक की चार माह की पेंशन राशि का भुगतान किया जा रहा है. प्रत्येक लाभुक के बैंक खाते में प्रति माह 1,000 रुपये की दर से कुल 4,000 रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे जा रहे हैं. इस मद में लगभग 55 करोड़ 48 लाख रुपये की राशि लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा रही है. जिला प्रशासन ने बताया कि सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गयी हैं. साथ ही भविष्य में भी पात्र लाभुकों को नियमित एवं समय पर पेंशन का लाभ मिलता रहे, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
डीसी ने दिए पारदर्शिता बरतने के निर्देश
डीसी दीपक कुमार दुबे ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पेंशन भुगतान की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और तत्परता बनाये रखें तथा कोई भी पात्र लाभुक योजना के लाभ से वंचित न रहे. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाये कि किसी भी अपात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ न मिले.
लाभुकों से आधार और बैंक विवरण अद्यतन रखने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी पात्र लाभुकों से अपील की है कि वे अपने आधार और बैंक खाते से संबंधित विवरण अद्यतन रखें, ताकि पेंशन राशि के भुगतान में किसी प्रकार की असुविधा न हो और भविष्य में भी उन्हें नियमित रूप से योजना का लाभ मिलता रहे.
