राजमहल से शत्रुघ्न की रिपोर्ट
Sahibganj News: झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत सरकंडा गांव में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. गंगा नदी में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत हो गई. लगभग 16 घंटे की तलाश के बाद दोनों बच्चों का शव बरामद किया गया. इस घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घर के सामने से अचानक लापता हो गए थे दोनों बच्चे
मिली जानकारी के अनुसार, सरकंडा गांव निवासी सेटू चौरसिया के दो पुत्र 8 वर्षीय आर्यन कुमार और 4 वर्षीय राघव कुमार गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे घर के सामने खेलते-खेलते अचानक लापता हो गए. जब काफी देर तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई. परिवार और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में बच्चों की काफी खोजबीन की, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया. बच्चों के नहीं मिलने से परिजनों को आशंका होने लगी कि कहीं उनका अपहरण तो नहीं कर लिया गया है.
गंगा नदी किनारे मिली बच्चे की पैंट, बढ़ी आशंका
गुरुवार रात करीब 9 बजे नमामि गंगे घाट के पास गंगा नदी किनारे एक बच्चे की पैंट मिली. पैंट मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई. इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने मछली पकड़ने वाले जाल की मदद से गंगा नदी में देर रात तक बच्चों की तलाश शुरू की. हालांकि रात में कोई सफलता नहीं मिली और खोजबीन जारी रही.
सुबह नदी में तैरता मिला पहला शव
शुक्रवार सुबह घर से लगभग 150 मीटर दूर नमामि गंगा सीढ़ी घाट के पास गंगा नदी में एक बच्चे का शव तैरता हुआ दिखाई दिया. यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. ग्रामीणों और परिजनों ने दूसरे बच्चे की तलाश शुरू की. कुछ ही दूरी पर दूसरे बच्चे का शव भी नदी में मिल गया. दोनों मासूम भाइयों का शव देखकर गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों बच्चों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं, जबकि परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. पूरे गांव में शोक और दुख का माहौल बन गया.
होली मनाने मुंबई से गांव आया था परिवार
मृतक बच्चों के पिता सेटू चौरसिया ने बताया कि वह अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ मुंबई में मजदूरी करते थे. होली का त्योहार मनाने के लिए वह कई वर्षों बाद अपने परिवार के साथ गांव आए थे. परिवार जल्द ही दोबारा मजदूरी के लिए मुंबई लौटने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के खरसावां और खूंटी में रसोई गैस की भारी किल्लत, उपभोक्ता परेशान
मां का रो-रोकर बुरा हाल
इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है. मृतक बच्चों की मां बार-बार रोते हुए कह रही थी कि उसके सिर्फ यही दो बेटे थे और अब उसके बुढ़ापे का सहारा भी छिन गया. वह बार-बार बेहोश हो जा रही थी और गांव के लोग किसी तरह उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे थे. इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में गहरा दुख और शोक का माहौल है.
इसे भी पढ़ें: पैसों की कमी से बॉक्सिंग छोड़ने को मजबूर जमशेदपुर के दो सगे भाई, झारखंड को दिला चुके हैं चार राष्ट्रीय पदक
