डीआरयूसीसी सदस्यों ने स्टेशन सुधार और अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव पर दिये सुझाव

मालदा मंडल में 48वीं मंडलीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित

साहिबगंज

पूर्व रेलवे के मालदा मंडल में बुधवार को 48वीं मंडलीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की बैठक डीआरएम कार्यालय के मंदार हॉल में आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने की. कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में वाणिज्य विभाग द्वारा किया गया. बैठक में भागलपुर, मुंगेर, साहिबगंज और मालदा क्षेत्र से जुड़े डीआरयूसीसी सदस्यों के अलावा अपर मंडल रेल प्रबंधक शिव कुमार प्रसाद और मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. साहिबगंज से नव-नामांकित सदस्य सुनील कुमार सिन्हा भी बैठक में शामिल हुए. बैठक की शुरुआत में डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने सभी सदस्यों का स्वागत किया और मंडल की उपलब्धियों, विकास कार्यों और प्रगति पर पावर प्वाइंट प्रस्तुति प्रस्तुत की. उन्होंने कहा कि डीआरयूसीसी रेलवे प्रशासन और यात्रियों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच है. मालदा मंडल यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और स्टेशन अवसंरचना के सुधार के लिए लगातार कार्य कर रहा है. बैठक के दौरान सदस्यों ने विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता और सुविधाओं में हुए सुधार की सराहना की. साथ ही अतिरिक्त ट्रेन ठहराव, स्टेशन विकास और नयी ट्रेन सेवाओं की शुरुआत को लेकर अपने सुझाव दिये. डीआरएम ने सभी प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर यात्रियों को रेल वन ऐप के उपयोग को बढ़ावा देने की भी अपील की गयी, ताकि एक ही मंच पर विभिन्न रेलवे सेवाएं उपलब्ध करायी जा सकें. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक सेवाएं देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >