मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में एक साल में हुई सात लोगों की मौत
उधवा
राधानगर थाना क्षेत्र और उधवा प्रखंड के दियारा इलाकों में तेज रफ्तार मालवाहक वाहनों, विशेषकर मिट्टी लदे ट्रैक्टरों के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. इन हादसों ने कई परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया है. कई बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया है, वहीं कई मांओं की गोद सूनी हो गयी है. ग्रामीण सड़कों पर दिन-रात तेज गति से दौड़ रहे ट्रैक्टर अक्सर अनियंत्रित होकर राहगीरों और वाहन चालकों को अपनी चपेट में ले लेते हैं. गंगा किनारे दियारा क्षेत्रों से अवैध रूप से मिट्टी का उत्खनन किया जाता है और ट्रैक्टरों के माध्यम से इसे उधवा और बरहरवा के विभिन्न चिमनी भट्ठों तक पहुंचाया जाता है. पिछले एक वर्ष में उधवा क्षेत्र में मालवाहक वाहनों की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से छह मौतें मिट्टी लदे ट्रैक्टरों से हुई हैं. इसके अलावा कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. मृतकों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल हैं. जनवरी 2025 से मार्च 2026 के बीच पियारपुर, उत्तर पलासगाछी और पूर्वी उधवा सहित कई पंचायतों में ऐसे हादसे दर्ज किए गए हैं. हाल ही में नाशघाट-प्राणपुर आरईओ सड़क पर अकुंबन्ना के पास मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार नानी-नाती को टक्कर मार दी. दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के लिए भागलपुर ले जाते समय नानी हबीलन बेवा (50) की मौत हो गयी, जबकि नाती आरिफ शेख (30) का इलाज जारी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मिट्टी माफिया बेखौफ होकर अवैध खनन और मिट्टी ढुलाई कर रहे हैं. प्रशासन की ओर से कड़ी कार्रवाई नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है. इसके अलावा कई ट्रैक्टर चालक नाबालिग हैं और उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी भी नहीं है. अवैध खनन से गांवों में धूल फैल रही है और सड़कें भी खराब हो रही हैं. लोगों ने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
————
01 मार्च 2025 से 10 मार्च 2026 तक के आंकड़े :
केस स्टडी-01 –
5 मार्च को उधवा-सिरासिन मुख्य सड़क सिंह जी आम बागान के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से रफीक शेख की मौत, एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल.
केस स्टडी-02 –
27 अप्रैल को अमानत फिरोज बिल्डिंग के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक वर्षीय बच्ची की मौत, मां गंभीर रूप से घायल.
केस स्टडी-03 –
1 मई 2025 को उत्तर पलासगाछी पंचायत के नजरुल टोला मस्जिद के निकट ट्रैक्टर की चपेट में आने से चार वर्षीय बच्ची की मौत.
केस स्टडी-04 –
11 अक्तूबर 2025 की अहले सुबह पूर्वी उधवा पंचायत जंगलपाड़ा में मछली कारोबारी की मौत
केस स्टडी- 05 –
8 फरवरी 2026 की दोपहर मोहनपुर लाल बथान गांव में एक हाइवा की चपेट में आने से एक युवक की घटनास्थल पर मौत.
केस स्टडी- 06 –
27 जनवरी 2026 को उत्तर पियारपुर में बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 9 वर्षीय बालक की मौत.
केस स्टडी – 07 –
10 मार्च 2026 को नाशघाट-प्राणपुर आरईओ सड़क अकुंरबन्ना के समीप मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत जबकि एक गंभीर रूप से घायल.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.