शीश महल से हाथी पंडाल तक, साहिबगंज में विश्वकर्मा पूजा का दिखा खास रंग

साहिबगंज में दूसरे दिन भी शिल्पदेव भगवान विश्वकर्मा की पूजा धूमधाम से मनाई गई. रेलवे प्रतिष्ठानों में बने हाथी के मुंह और शीश महल जैसे अद्भुत पंडाल श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र रहे.

संवाददाता, साहिबगंज: साहिबगंज शहर सहित पूरे जिले में दूसरे दिन भी शिल्पदेव भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना धूमधाम से की गयी. विश्वकर्मा पूजा को लेकर कल-कारखानों के साथ रेलवे के विभिन्न प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की गयी. रेलवे प्रतिष्ठानों में स्थापित प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालु देर रात तक पहुंचते रहे.

रेलवे प्रतिष्ठानों में देर रात तक जुटी भीड़

विश्वकर्मा पूजा के दौरान रेलवे के विभिन्न प्रतिष्ठानों में मेले जैसा माहौल रहा. बड़ी संख्या में लोगों ने पूजा पंडालों में पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा के दर्शन किए. इसके साथ ही लोगों ने मेले का भी जमकर आनंद उठाया. पूजा परिसर में लगे दुकानों पर लोगों ने चाट, गुपचुप, समोसा समेत अन्य व्यंजनों का स्वाद लिया.

हाथी के मुंह और शीश महल पंडाल ने खींचा ध्यान

शहर के सब्जी मंडी स्थित रेलवे के टीआरडी डिपार्टमेंट और संयुक्त क्रू बुकिंग लॉबी में बनाए गए आकर्षक पंडाल श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहे. टीआरडी डिपार्टमेंट में हाथी के मुंह के आकार का पंडाल, जबकि संयुक्त क्रू बुकिंग लॉबी में बनाया गया शीश महल पंडाल लोगों को खूब आकर्षित करता रहा.

इन पंडालों की आकर्षक सजावट और रोशनी देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. लोगों ने पूजा के साथ पंडालों की सजावट का आनंद लिया.

कैरेज एंड वैगन में भी बनाया गया भव्य पंडाल

रेलवे के कैरेज एंड वैगन डिपार्टमेंट में भी भव्य और आकर्षक पंडाल तैयार किया गया था. यहां भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गयी. इसके अलावा स्टेशन परिसर में भी पूजा को लेकर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही.

रेलवे के कई विभागों में हुई पूजा

स्टेशन परिसर के अलावा रेलवे विद्युत विभाग, टेलीफोन विभाग, डीएमयू मेंटेनेंस शेड, सिग्नल डिपार्टमेंट, आईओडब्ल्यू और पीडब्ल्यूआई सहित रेलवे के विभिन्न प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गयी. रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों ने पूजा में हिस्सा लेकर भगवान विश्वकर्मा से सुख-समृद्धि और कार्यक्षेत्र में उन्नति की कामना की.

कल-कारखानों और क्रेशर प्लांट में भी पूजा

रेलवे प्रतिष्ठानों के अलावा जिले के विभिन्न कल-कारखानों और क्रेशर प्लांट में भी भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की गयी. पूरे जिले में विश्वकर्मा पूजा को लेकर उत्साह का माहौल रहा. पूजा पंडालों में लोगों की भीड़ और आकर्षक सजावट ने पर्व की रौनक बढ़ा दी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील ठाकुर

साहिबगंज : सुनील ठाकुर वर्ष 1999 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने एक वर्ष तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी कार्य किया है. शिक्षा, अपराध और संताल परगना में पहाडिया जनजाति जैसे विषयों पर उनकी विशेष पकड़ रही है तथा इन मुद्दों पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहे हैं. कला, संस्कृति एवं साहित्य में उनकी गहरी रुचि है. वर्ष 2006 से साहिबगंज में जिला संवाददाता व ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >