साहिबगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिहार के तीन सहित ब्राउन शुगर के चार तस्कर गिरफ्तार

Sahibganj News: साहिबगंज पुलिस ने रांगा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के तीन युवक शामिल हैं. पुलिस ने वैगन-आर, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक मशीन समेत कई सामान बरामद किये और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

साहेबगंज से सोनू कुमार ठाकुर

Sahibganj News: अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ साहिबगंज पुलिस को लगातार कार्रवाई पर कार्रवाई रही है. पुलिस की सख्ती से नशे के सौदागरों में हड़कंप मचा हुआ है. इसी सिलसिले में बुधवार की शाम को रांगा थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया. इसमें बिहार के तीन तस्कर भी शामिल बताये जा रहे हैं.

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई

रांगा थाने में गुरुवार को बरहरवा एसडीपीओ नितिन कुमार खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रांगा थाना क्षेत्र के विजयपुर मयूरझूठी रोड किनारे सुनसान जगह पर एक मारुति कार से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने उक्त स्थान पर छापेमारी कर वैगन-आर गाड़ी से ब्राउन शुगर के साथ कहलगांव थाना क्षेत्र के श्यामपुर निवासी संजय कुमार वर्मा, बरहरवा थाना क्षेत्र के तेलीपाड़ा निवासी लाल मोहन साह तथा कहलगांव थाना क्षेत्र के कहलगांव निवासी राजेश पासवान एवं संजीत कुमार को गिरफ्तार किया.

ब्राउन शुगर के साथ मारुति वैगन आर बरामद

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से 52 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मारुति वैगन-आर, 5 मोबाइल फोन, वजन करने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन, ब्राउन शुगर सेवन करने वाले भूरे रंग के 50 पीस पेपर कटिंग, एक लाइटर, ब्राउन शुगर निकालने वाला चम्मच और 7200 रुपये नकद बरामद किया गया है. मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत रांगा थाना में कांड संख्या 48/26 दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. छापेमारी टीम में बरहरवा एसडीपीओ नितिन कुमार खंडेलवाल, बरहरवा पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार, रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव, एसआई गौरव भगत, एसआई महेश कुमार, एएसआई कामेश्वर मरांडी व धाम प्रकाश मिश्रा शामिल थे.

मालदा के रास्ते आती है ब्राउन शुगर की खेप

पकड़े गए तस्करों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे ब्राउन शुगर की खेप पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक से ट्रेन के रास्ते लाते थे. कालियाचक से बरहरवा लाकर आसपास के इलाकों में इसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर सप्लाई की जाती थी. पूछताछ में पुलिस को नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है.

एक महीने में तीसरी बड़ी कार्रवाई

अवैध नशे के खिलाफ साहेबगंज पुलिस का अभियान जारी है. एक महीने के अंदर बरहरवा अनुमंडल क्षेत्र में यह पुलिस की तीसरी बड़ी कामयाबी है. पहली कार्रवाई में 6 मई को बरहरवा में विजयपुर मोड़ के पास बस से 20.180 किलो गांजा बरामद कर ओडिशा के तस्कर समेत दो को गिरफ्तार किया गया था. मामले में पुलिस ने ओडिशा के कुख्यात अपराधी को दबोचा था.

इसे भी पढ़ें: पुआल काटने वाली मशीन में फंसकर मजदूर की मौत, बाल-बच्चों की खातिर गवां दी जान

वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने 7 मई को रांगा थाना क्षेत्र के आमगाछी में चल रही अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था. वहां से भारी मात्रा में अर्ध निर्मित ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद हुए थे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस धंधे के मास्टरमाइंड बिहार के मुंगेर निवासी परवेज इस्लाम को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया था. अब तीसरी कार्रवाई में रांगा से 52 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ चार तस्करों को दबोचा गया है.

इसे भी पढ़ें: बांबे हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस एस चंद्रशेखर बनेंगे सुप्रीम कोर्ट के जज, झारखंड से रहा गहरा नाता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >