सेवानिवृत्त पंचायत सचिव के घर दिनदहाड़े घुसकर मारपीट-तोड़फोड़, लूटपाट का आरोप

साहिबगंज में सेवानिवृत्त पंचायत सचिव के घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट का आरोप. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है, पीड़ित ने सुरक्षा की मांग की है.

साहिबगंज : जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के बड़ी लोहंडा बिंद गांव में दिनदहाड़े सेवानिवृत्त पंचायत सचिव राजेंद्र दास के नवनिर्मित घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट का आरोप लगा है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

दरवाजा नहीं खोला तो गेट तोड़कर घुसने का आरोप

राजेंद्र दास के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे वह घर में अकेले आराम कर रहे थे. इसी दौरान आधा दर्जन से अधिक लोग, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं, मुख्य गेट पर पहुंचे और दरवाजा पीटने लगे. आरोप है कि सभी लाठी-डंडे और अन्य हथियारों से लैस थे.

उन्होंने गेट नहीं खोला और कमरे में खुद को बंद कर लिया. इसके बाद आरोपियों ने मुख्य गेट और घर का दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया तथा उनके साथ मारपीट की.

नकदी और अंगूठी ले जाने का आरोप

पीड़ित के अनुसार, हमलावर घर से 8 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी ले गये. इसके अलावा घर में लगे चार सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर, पानी का मोटर, इनवर्टर, पंखा समेत अन्य सामान भी उखाड़कर ले जाने का आरोप है.

घर खाली करने की धमकी देने का आरोप

राजेंद्र दास के अनुसार, जाते समय आरोपियों ने घर खाली करने की धमकी दी. ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की बात कही गयी. राजेंद्र दास ने कुछ आरोपियों को पहचानने और उनके नाम पुलिस को बताने का दावा किया है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

थाना प्रभारी शशि सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. शिकायत में दिये गये सभी बिंदुओं की छानबीन की जा रही है.

पीड़ित राजेंद्र दास और उनकी पत्नी ने न्याय, सामान की बरामदगी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील ठाकुर

साहिबगंज : सुनील ठाकुर वर्ष 1999 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने एक वर्ष तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी कार्य किया है. शिक्षा, अपराध और संताल परगना में पहाडिया जनजाति जैसे विषयों पर उनकी विशेष पकड़ रही है तथा इन मुद्दों पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहे हैं. कला, संस्कृति एवं साहित्य में उनकी गहरी रुचि है. वर्ष 2006 से साहिबगंज में जिला संवाददाता व ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं.

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >