25 हजार राशन डीलर आर्थिक संकट में! लंबित कमीशन नहीं मिला तो दी राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी

25,000 राशन डीलर आर्थिक संकट में! लंबित कमीशन भुगतान की मांग, नहीं तो 1 अक्टूबर से राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी।

राजमहल : जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों की विभिन्न मांगों को लेकर ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन की जिला इकाई ने मंगलवार को राजमहल अनुमंडल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. डीलरों ने लंबित कमीशन के भुगतान समेत अन्य मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की. धरना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम मांग पत्र सौंपा गया.

25 हजार राशन डीलर आर्थिक संकट में : जिला अध्यक्ष

जिला अध्यक्ष मो. जाकिर हुसैन ने कहा कि राज्य के करीब 25 हजार राशन डीलर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. कई महीनों से कमीशन का भुगतान लंबित है. दुकान का किराया, सहायक की मजदूरी, बिजली बिल और रखरखाव का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है. उन्होंने सरकार से डीलरों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की.

30 दिनों के अंदर लंबित कमीशन भुगतान की मांग

फेडरेशन ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत वितरित खाद्यान्न का लंबित कमीशन 30 दिनों के अंदर भुगतान करने की मांग की. साथ ही खाद्यान्न आवंटन के साथ ही कमीशन का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गयी.

मासिक आय 50 हजार करने की मांग

डीलरों की मासिक आय 50 हजार रुपये सुनिश्चित करने और खर्च के अनुरूप उचित कमीशन तय करने की मांग भी उठायी गयी. इसके अलावा आवंटित माह का खाद्यान्न उसी माह उपलब्ध कराने, डीलर परिवारों को मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य चिकित्सा योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ देने तथा पीडीएस में सर्वर की समस्या दूर करने की मांग की गयी.

शिकायत निवारण कोषांग बनाने की मांग

शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अलग शिकायत निवारण कोषांग बनाने की मांग भी रखी गयी.

मांगें नहीं मानीं तो 1 अक्टूबर से आंदोलन की चेतावनी

फेडरेशन ने चेतावनी दी कि 30 सितंबर 2026 तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 1 अक्तूबर से राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा. इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर डीलर ‘कमीशन नहीं तो वितरण नहीं’ की नीति अपनाने को बाध्य होंगे.

धरना में जिला महासचिव रंजीत कुमार यादव, मो. अब्दुल शेख, ऐनुल हक अंसारी, ओम प्रकाश साह, अनवर अली, यासीर शेख, मनोज कुमार साह, वेचनाथ कुमार साह, मनोज कुमार भगत, सुहागनी हेम्ब्रम, किशोर जैन समेत बड़ी संख्या में डीलर मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीप सिंह

दीप सिंह , 25 मार्च 2010 से प्रभात खबर से जुड़े हैं। रिपोर्टर के रूप में प्रभात खबर में कार्य शुरू किए। 2015 में राजमहल कार्यालय का मॉडेम प्रभारी बनाया गया। कई महत्वपूर्ण एक्सक्लूसिव, पड़ताल और जन समस्या की खबर पर बेहतर कार्य करने का मौका मिला। बीच के अंतराल में वर्ष 2018 से 5 अगस्त 2023 तक दैनिक हिंदुस्तान अखबार में राजमहल से कार्य किए। पुनः 12 अगस्त 2023 से अबतक वर्तमान में राजमहल मॉडेम कार्यालय के प्रभारी के रूप में कार्य कर रहा हूं। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक दोनों ही प्लेटफार्म पर बेहतर कार्य करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >