प्रतिनिधि, तालझारी. सरस्वती शिशु विद्या मंदिर लालमाटी के प्रांगण में बुधवार को रक्षाबंधन उत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया. इस दौरान विद्यालय का वातावरण भाई-बहन के प्रेम और स्नेह से सराबोर रहा.
बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी रंग-बिरंगी राखी
रक्षाबंधन उत्सव के दौरान विद्यालय की बहनों ने भाइयों को तिलक लगाया और आरती उतारी. इसके बाद भाइयों की कलाई पर रंग-बिरंगी राखी बांधी तथा मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया. भाइयों ने भी अपनी बहनों की रक्षा करने का संकल्प लिया.
अटूट रिश्ते का त्योहार है रक्षाबंधन
विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार उपाध्याय ने भैया-बहनों को रक्षाबंधन के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट रिश्ते और स्नेह का त्योहार है. सभी भाइयों को पवित्र राखी बंधवाने के साथ अपनी बहनों की रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए.
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में आपसी प्रेम, भाईचारा और संस्कार की भावना मजबूत होती है.
मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार उपाध्याय सहित विद्यालय के आचार्य एवं दीदी जी उपस्थित रहें.
