प्रतिनिधि, मंगलहाट. राजमहल थाना क्षेत्र में खस्सी (बकरी) चोरी के मामले में ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर एक कथित आरोपी को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि, उसका एक अन्य साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया. पकड़े गए आरोपी की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है. पुलिस आरोपी को राजमहल थाना ले जाकर पूछताछ कर रही है.
बाइक पर खस्सी लेकर भाग रहे थे दो लोग
जानकारी के अनुसार, मंगलहाट और आसपास के गांवों में पिछले कुछ दिनों से खस्सी चोरी की घटनाओं से ग्रामीण परेशान हैं. इसी बीच सोमवार दोपहर दो व्यक्ति बाइक पर सवार होकर करीब 15 किलोग्राम वजन की एक खस्सी को सड़क किनारे से उठाकर बाइक पर लेकर मंगलहाट-कसवा मार्ग से राजमहल की ओर भाग रहे थे.
इसी दौरान किसी ग्रामीण की नजर दोनों पर पड़ गई. इसके बाद लोगों ने उनका पीछा शुरू कर दिया. करीब चार किलोमीटर पीछा करने के बाद कसवा गांव से आगे नौगच्छी गांव में ग्रामीणों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया.
भीड़ का फायदा उठाकर बाइक चालक फरार
आरोपी के पकड़े जाने के दौरान मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए. इसी दौरान भीड़ और हो-हल्ले का फायदा उठाकर बाइक चला रहा दूसरा आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया. ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को काबू में कर पुलिस के पहुंचने तक बंधक बनाकर रखा.
पुलिस ने पहुंचकर आरोपी को छुड़ाया
घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से आरोपी को मुक्त कराया और उसे अपने साथ राजमहल थाना ले गई. पुलिस आरोपी से खस्सी चोरी की घटनाओं और उसके संभावित साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है.
सोशल मीडिया पर खबर फैलते ही थाने पहुंचे ग्रामीण
आरोपी के पकड़े जाने की खबर सोशल मीडिया पर फैलते ही मंगलहाट और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में ग्रामीण राजमहल थाना पहुंचने लगे. जिन लोगों की हाल के दिनों में खस्सी चोरी हुई थी, उन्होंने बरामद खस्सी को पहचानने का प्रयास किया.
खबर लिखे जाने तक काला पत्थर गांव निवासी उदय मंडल की खस्सी होने की बात सामने आई थी. वहीं पकड़ा गया आरोपी राजमहल थाना क्षेत्र के ही एक गांव का रहने वाला बताया जा रहा है.
चोरी के अन्य मामलों की भी हो सकती है जांच
मंगलहाट क्षेत्र में हाल के दिनों में खस्सी चोरी की कई घटनाओं को देखते हुए पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच कर रही है. जिन ग्रामीणों की खस्सी चोरी हुई है, उनके द्वारा राजमहल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही थी. पुलिस अब आरोपी के दूसरे साथी और बाइक के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.
