कल्याणचक से मो हसामुद्दीन की रिपोर्ट
Rajmahal Crime News: झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणचक गांव में सोमवार सुबह टोटो में सवारी बैठाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. इस घटना में एक टोटो चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया.
दुर्गा मंदिर प्रांगण में हुई कहासुनी
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह कल्याणचक दुर्गा मंदिर प्रांगण के पास टोटो स्टैंड पर यात्री चढ़ाने को लेकर दलाही निवासी मंतोष कुमार और काला बहियार निवासी जमशेद अंसारी के पुत्र के बीच कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि जमशेद का पुत्र मौके से चला गया और कुछ देर बाद अपने भाइयों के साथ वापस टोटो स्टैंड पर पहुंचा.
चाकू और रॉड से हमला, मंतोष की मौत
वापस लौटने के बाद जमशेद के पुत्र और उसके साथियों ने मंतोष कुमार से दोबारा विवाद शुरू कर दिया. इसी दौरान एक युवक ने मंतोष पर रॉड और चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. शोर सुनकर मंतोष का दूसरा भाई बीच-बचाव के लिए पहुंचा, लेकिन उस पर भी रॉड से हमला कर दिया गया. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
अस्पताल में मृत घोषित
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल ले जाया गया. यहां चिकित्सकों ने मंतोष कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.
मौत से भड़का आक्रोश, सड़क जाम
मंतोष की मौत की खबर फैलते ही कल्याणचक और आसपास के इलाकों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने तालझारी–तीनपहाड़ मुख्य सड़क को जाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे. जाम की सूचना मिलते ही राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस को घेरा, नारेबाजी
पुलिस को देखते ही लोग और उग्र हो गए और थाना प्रभारी को घेर लिया. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक सड़क जाम नहीं हटाया जाएगा. थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी.
अधिकारियों की मौजूदगी में भी नहीं माने लोग
सूचना पर राजमहल पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे और राधा नगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे.
इसे भी पढ़ें: रांची में ईंट को तोड़ेगा बिस्कुट या एसी से कांपेगी बेंच, 23 फरवरी को फैसला
दुकानें बंद, पुलिस कार्रवाई में जुटी
घटना के बाद कल्याणचक में सभी दुकानों को बंद करा दिया गया. लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जाम जारी रहेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें: गुस्से में क्यों हैं गजराज, झारखंड में इंसानी बस्ती में तांडव का क्या है राज?
