उधवा प्रखंड के पतौड़ा पंचायत स्थित दरगाडांगा गांव में विद्युत विभाग की योजनांतर्गत चल रहे विद्युतीकरण कार्य में कथित अनियमितताओं के कारण ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर संकट मंडरा रहा है. शनिवार को दरगाडांगा मजार के निकट स्थापित नए ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग जाने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गयी. आग लगने से ट्रांसफॉर्मर से जुड़े तार और फ्यूज बोर्ड जल गए. ग्रामीणों के अनुसार गांव में नए ट्रांसफॉर्मर, बिजली पोल और केबल तार लगाने का कार्य चल रहा है, लेकिन ठेकेदार द्वारा मानकों की अनदेखी कर घटिया और कमजोर तारों का उपयोग किया गया है. इसका परिणाम यह है कि क्षेत्र में बार-बार शॉर्ट सर्किट की घटनाएं हो रही हैं और तारों में आग लगकर वे जलते हुए नीचे गिर रहे हैं. इससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है. ग्रामीणों ने बताया कि बीते मंगलवार को भी गांव के अन्य हिस्सों में तारों में आग लगने के बाद वे टूटकर जमीन पर गिर गए थे. उनका कहना है कि हल्की बारिश या हवा चलने पर भी बिजली तारों में शॉर्ट सर्किट हो जाता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों की जान को खतरा पैदा हो गया है. ग्रामीण सलीम शेख, नुरुल शेख, आलम शेख, इंजामुल शेख, मोती शेख, जाहिर शेख, शाजाहान शेख, मतिउर रहमान और जमीरुल हक सहित दर्जनों लोगों ने बिजली विभाग से योजना की जांच कर घटिया तारों और ट्रांसफॉर्मर को बदलने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गयी तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है.
क्या कहते हैं कनीय अभियंता :
शॉट सर्किट को ठीक करा दिया गया है. फिलहाल सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति बहाल है. आरोपों की जांच की जाएगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.