साहिबगंज
समर वैकेशन को रचनात्मक बनाने के उद्देश्य से संत जेवियर्स स्कूल में सोक्सा के सहयोग से पहली बार समर कैंप का आयोजन किया गया. कैंप का उद्घाटन सोक्सा के अध्यक्ष सह संत जेवियर्स स्कूल के प्रिंसिपल फादर अरुल डौस, रिएक्टर प्रिंसिपल फादर बीएम जोस, सोक्सा के सचिव डॉ सुमित कुमार, सदस्य संतोष चौधरी एवं सुधीर कुमार ने मिट्टी पर फिंगर प्रिंट देकर किया. मौके पर फादर अरुल डौस ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए इस समर कैंप का आयोजन किया गया है. उन्होंने बताया कि कैंप को दो श्रेणियों में बांटा गया है. पहली श्रेणी में बच्चे क्रिकेट कोचिंग के जरिए खेल की बारीकियां सीखेंगे, जबकि दूसरी श्रेणी में प्रिंट मेकिंग और टेराकोटा कला से जुड़ी रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जायेगा. सोक्सा के सचिव डॉ सुमित कुमार ने कहा कि वे स्वयं इसी स्कूल के पूर्व छात्र रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चे मोबाइल, टीवी और डिजिटल दुनिया में अधिक व्यस्त हो रहे हैं. ऐसे में यह कैंप उन्हें कला, रचनात्मकता गतिविधियों से जोड़ने का माध्यम बनेगा. कार्यक्रम में शामिल प्रसिद्ध कलाकार अमृत प्रकाश ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है. उन्होंने बताया कि कैंप को और बेहतर बनाने के लिए कटिहार से प्रिंट मेकर निम्मी सिन्हा, पटना से शिखा कुमारी देवांग तथा पश्चिम बंगाल के बोलपुर शांतिनिकेतन से कलाकार सुहाग बैरागी को भी आमंत्रित किया गया है. कार्यक्रम का संचालन सोक्सा के सदस्य सह साहिबगंज कॉलेज के प्रोफेसर संतोष चौधरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सदस्य सुमित श्रॉफ ने किया. समर कैंप के सफल आयोजन में सोक्सा परिवार के दीप नारायण सिंह, अमन कुमार, अरिंदम चक्रवर्ती, स्नेह शंकर ने सहयोग दिया.
