कभी सरसों तेल का भाव तय करता था साहिबगंज, फिर व्यापार हब बनाने की उठी मांग

साहिबगंज में व्यापार के गौरव को फिर से स्थापित करने की मुहिम तेज हो गई है. नवनिर्वाचित क्षेत्रीय उपाध्यक्ष और निदेशकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने उद्योग-व्यापार को बढ़ावा देने और किसानों की समस्याओं को केंद्र तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया है.

संवाददाता, साहिबगंज: साहिबगंज मर्चेंट चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से शनिवार को शहर के एक विवाह भवन सभागार में नागरिक अभिनंदन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में नवनिर्वाचित संताल परगना क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आकाश पांडे, नॉन ऑफिशियल डायरेक्टर एआईसीआईएल बोर्ड गणेश तिवारी और नॉन ऑफिशियल डायरेक्टर एएलआईएमसीओ बोर्ड महेंद्र पोद्दार को अंग वस्त्र और बुके देकर सम्मानित किया गया.

समारोह में वक्ताओं ने साहिबगंज में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के साथ पुराने व्यापारिक गौरव को फिर से स्थापित करने पर जोर दिया.

साहिबगंज में फिर स्थापित हो व्यापार का हब

मर्चेंट चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष नवीन भगत ने कहा कि जिला सहित पूरे संताल परगना के व्यापारियों के हित में काम करने की जरूरत है. व्यापारियों की समस्याओं को राज्य स्तर तक पहुंचाने के साथ जिले में कल-कारखाने और उद्योग स्थापित कराने की दिशा में प्रयास होना चाहिए.

उन्होंने कहा कि "सशक्त साहिबगंज, सशक्त व्यापार, समृद्ध समाज और विकसित साहिबगंज" के लक्ष्य के साथ काम किया जाना चाहिए.

कभी साहिबगंज तय करता था सरसों तेल का भाव

डॉ. सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि एक समय साहिबगंज का व्यापारिक महत्व काफी अधिक था. यहां से सरसों तेल का दर निर्धारित होता था. उन्होंने कहा कि साहिबगंज में पहले जैसा व्यापारिक हब फिर से स्थापित करने की जरूरत है.

डॉ. विजय ने कहा कि साहिबगंज कभी व्यवसाय का बड़ा केंद्र हुआ करता था. यहां गोला था और करीब तीन तेल फैक्ट्रियां थीं. इसके अलावा फ्लावर मिल भी था, जहां आटा, मैदा और सूजी का उत्पादन होता था. उन्होंने उम्मीद जतायी कि साहिबगंज अपना पुराना गौरव फिर हासिल करेगा.

पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी दिया जोर

डॉ. विजय ने कहा कि साहिबगंज में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. जिले में प्राकृतिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर मौजूद हैं. इन संभावनाओं को विकसित कर साहिबगंज को पर्यटन के क्षेत्र में भी आगे बढ़ाया जा सकता है.

उन्होंने साहिबगंज के किसानों और जरूरतमंद लोगों को अंग प्रत्यारोपण जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं में मदद उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया.

किसानों की समस्याएं केंद्र तक पहुंचाने का भरोसा

सम्मानित गणेश तिवारी ने कहा कि जिला सहित पूरे प्रदेश के किसानों को बीमा का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पहली बैठक में किसानों की अनसर्वे वाली खेती की जमीन से जुड़े मामले को उठाया गया है.

वहीं महेंद्र पोद्दार ने कहा कि संताल परगना सहित पूरे प्रदेश के अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को अंग प्रत्यारोपण में मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा.

कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारी. | Prabhat Khabar Network

कई लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में चेतन भरतीया, सज्जन पोद्दार, सुनील भरतीया, डॉ. सुरेंद्र नाथ तिवारी, साहिबगंज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रंजीत सिंह सहित अन्य लोगों ने अपने विचार रखे. मंच संचालन भगवती रंजन पांडे ने किया.

मौके पर मर्चेंट चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष नवीन भगत, उपाध्यक्ष अनूप सिंह व संजय दीवान, सचिव जाहिद खान, कोषाध्यक्ष शुभम कुमार पोद्दार, संरक्षक सज्जन पोद्दार व सुनील भरतीया, सदस्य अंकित केजरीवाल, अजय डोकानिया, नानू तंबाखूवाला, आशीष अग्रवाल और अंकित सर्राफ समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी और लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील ठाकुर

साहिबगंज : सुनील ठाकुर वर्ष 1999 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने एक वर्ष तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी कार्य किया है. शिक्षा, अपराध और संताल परगना में पहाडिया जनजाति जैसे विषयों पर उनकी विशेष पकड़ रही है तथा इन मुद्दों पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहे हैं. कला, संस्कृति एवं साहित्य में उनकी गहरी रुचि है. वर्ष 2006 से साहिबगंज में जिला संवाददाता व ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >