साहिबगंज.
बिहार व पश्चिम बंगाल में खपायी जाती हैं अवैध लकड़ियां :
साहिबगंज जिले में फैली राजमहल की पहाड़ियां इन दिनों लकड़ी तस्करों के लिए स्वर्ग बना हुआ है. इससे पहाड़ की हरियाली गायब हो रही है. प्रत्येक दिन पहाड़ों से लकड़ी काट कर तस्कर जंगलों में छुपा देते हैं और सूख जाने पर बिहार व पश्चिम बंगाल तक खपा देते हैं. इसे रोकने का प्रयास भी होता है, लेकिन यह नाकाफी है. वहीं उधवा पक्षी आश्रयणी जिले में पतौड़ा झील के 155 एवं बरहेट झील के 410 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है. झील में गंगा का पानी नहरों के माध्यम से आता है. साल के नौ महीने उधवा पक्षी आश्रयणी में पानी भरा रहता है. गर्मी के मौसम में पानी बहुत कम हो जाता है. वहीं संपूर्ण पक्षी आश्रयणी पहाड़ी के आसपास जहां धीरे-धीरे आबादी बढ़ती जा रही है, इस कारण हरियाली गायब होती जा रही है. साहिबगंज जिले में लकड़ी माफिया की सक्रियता बढ़ गयी है. जिले में हरियाली लौटाने के लिए पहल की जा रही है. नमामि गंगे के तहत पौधे लगाने हैं. जिले में वन विभाग की ओर से गंगा तट के दर्जनों गांवों में पौधरोपण करना है. इसके तहत सागवान, शीशम, महोगनी के पौधे लगाये जा रहे हैं. इसके अलावा गंगा किनारे औषधीय पौधे भी लगाये जायेंगे.पर्व-त्योहार में भी हो रही पर्यावरण सुरक्षा की अनदेखी :
हमारे सांस्कृतिक त्योहार हो या रीति-रिवाज, ये भी पर्यावरण विरोधी हैं. दीपावली और विवाह के मौके पर की जानेवाली आतिशबाजी से प्रदूषण का खतरा पैदा हो रहा है. वाहनों से निकलने वाला धुआं सबसे ज्यादा पर्यावरण को क्षति पहुंचा रहा है. धुआं हमारे स्वास्थ्य को भी खराब करता है. कार्बन डाइऑक्साइड की अधिक मात्रा से धरती का तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ गया है. वह दिन दूर नहीं जब क्षेत्र का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जायेगा. तापमान का बदलता स्वरूप मानव द्वारा प्रकृति के साथ किये गये निर्मम व निर्दयी व्यवहार का सूचक स्वार्थ में अंधा मानव अपने जीवन को सरल बनाने के लिए नयी-नयी खोज कर रहा है. इसका भी दुष्परिणाम सामने आयेगा. तापमान में वृद्धि होने के कारण जल स्तर ज्यादातर खतरे में पड़ गया. पानी के अभाव में सिंचाई का संकट भी गहराने लगा है. जलस्रोत के अभाव में कई प्रजाति की मछलियां विलुप्त होने के कगार पर हैं. जलाशयों में पानी कम होना खतरे का सूचक है. कटते पेड़ के कारण वातावरण में बेतहाशा गर्मी गयी है. गर्मी से जल संकट गहरा जायेगा. वृक्षों के अभाव में मानव जीवन संकट में हो पड़ जायेगा. सूखते जल स्रोत, सूखती धरती, घटता ऑक्सीजन, बढ़ता प्रदूषण, बढ़ती बीमारियां, प्राकृतिक आपदाएं मानव सभ्यता को समाप्त कर देगी. बढ़ती जनसंख्या के जरूरतों को पूरा करने के लिए क्षेत्र में जंगलों का अतिक्रमण किया जा रहा है. अभी वक्त है. जनसंख्या पर नियंत्रण कर प्रकृति के साथ खिलवाड़ करना बंद करना होगा .वन कुटीर से उधवा पक्षी अभ्यारण्य में इको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा :
साहिबगंज जिले के उधवा प्रखंड में झारखंड राज्य का एकमात्र पक्षी अभ्यारण्य अवस्थित है. जहां ठंड के मौसम में हजारों विदेशी साइबेरियन पक्षी आते हैं. पहले यह पक्षी अभ्यारण्य हजारीबाग वन प्रमंडल के अधीन था. लेकिन वर्तमान समय में उधवा पक्षी अभ्यारण्य साहिबगंज वन प्रमंडल के अधीन आ गया है. उधवा पक्षी अभ्यारण्य को संवारने के लिए साहिबगंज वन प्रमंडल विभाग लगा हुआ है. उधवा झील में पर्यटकों के लिए वन कुटीर का निर्माण कराया गया है. वन कुटीर में दो कमरे एवं शौचालय व बाथरूम की व्यवस्था है. झील के चारों और पेवर्स ब्लॉक का निर्माण एवं साइकिलिंग ट्रैक का निर्माण कराया जा है. साथ ही उधवा झील में पर्यटकों के मनोरंजन के लिए बोटिंग की व्यवस्था की गयी है. इससे उधवा पक्षी अभ्यारण्य में इको टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही क्षेत्र के लोगों की आमदनी भी बढ़ेगी.विश्व पर्यावरण दिवस पर होगा पौधरोपण :
विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर वन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा सुकसेना घाट में शुक्रवार को पौधरोपण किया जायेगा. मौके पर जिले के तमाम अधिकारी व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित होंगे. डीएफओ प्रबल गर्ग ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण का आयोजन किया गया.
क्या कहते हैं डीएफओ : जिला में वन क्षेत्र 305 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला है. कालक्रम में वैध व अवैध तरीके से काफी जंगल कटे हैं. वन विभाग का दावा है कि बीते 6 से 7 सालों में करीब 20 लाख पौधे इस जिले में लगाये गये हैं. विभाग व प्रशासन ने आमलोगों को भी पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया. अवैध जंगल कटाई पर रोक लगाने का हरसंभव प्रयास हुआ. पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सभी को सचेत होने की जरूरत है.– प्रबल गर्ग, डीएफओ, साहिबगंज
