राजमहल : तालझारी थाना क्षेत्र के चमडी पहाड़ के जंगल से बरामद नरकंकाल मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद में एतवारी पहाड़िया की हत्या की गयी थी. मामले में पुलिस ने शांति पहाड़िन और उसके दामाद गंगा पहाड़िया को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
कंकाल अवस्था में मिला था शव, कपड़ों से परिजनों ने की एतवारी पहाड़िया की पहचान
राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार को कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर बताया कि छह अगस्त को तालझारी थाना क्षेत्र के चमडी पहाड़ जंगल से कंकाल अवस्था में शव बरामद हुआ था. शव के पास मिले कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान एतवारी पहाड़िया, पिता स्व. चामा पहाड़िया, निवासी झिरीकडांगा पहाड़ के रूप में की थी. हालांकि, मृतक की पूर्ण पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच की प्रक्रिया करायी जा रही है. परिजनों के बयान पर पुलिस ने कांड संख्या 125/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था.
पुराने विवाद में हुई हत्या, शांति पहाड़िन के कहने पर दामाद ने एतवारी पहाड़िया को मारा
एसडीपीओ के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी दल गठित किया गया था. अनुसंधान के दौरान पुलिस को हत्या के पीछे पूर्व का विवाद होने की जानकारी मिली. पुलिस के मुताबिक, शांति पहाड़िन के कहने पर उसके दामाद गंगा पहाड़िया ने एतवारी पहाड़िया की हत्या कर दी. इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को चमडी पहाड़ के जंगल में छिपा दिया गया.
हत्या के मामले में सास-दामाद गिरफ्तार, दोनों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तार आरोपियों में शांति पहाड़िन (45), पति स्व. रामा पहाड़िया, निवासी झिरीकडांगा पहाड़ और गंगा पहाड़िया (25), पिता स्व. लिडर मैसा पहाड़िया, निवासी चमड़ी पहाड़ शामिल हैं. दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले में आगे का अनुसंधान कर रही है. छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मीमामले के उद्भेदन में तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय, एसआइ कन्हैया प्रसाद, हवलदार चुरका हेंब्रम तथा आरक्षी राजाराम सिंह शामिल थे.
