साहिबगंज : 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता पटना के पहले दिन जिले में खेल विभाग द्वारा सिदो कान्हु स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र साहिबगंज के ट्रेनी एमानुएल किस्कू ने बालक अंडर-16 वर्ष आयु वर्ग के 80 मीटर हर्डल्स में 10.42 सेकेंड के साथ रजत पदक जीता.
10.38 सेकेंड के साथ रोहित राज ने जीता स्वर्ण
इस स्पर्धा का स्वर्ण बिहार के 80 मीटर हर्डल्स के राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता रोहित राज ने 10.38 सेकेंड के साथ जीता. उड़ीसा के ए. साह ने 10.43 सेकेंड के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया.
60 मीटर दौड़ में पांचवें स्थान पर रहे एमानुएल
एमानुएल किस्कू बालक अंडर-16 वर्ष 60 मीटर दौड़ में 7.25 सेकेंड के साथ पांचवें स्थान पर रहे. वहीं पृथ्वी राज मंडल बालक अंडर-18 जेवलिन थ्रो में छठे स्थान पर रहे.
प्रतियोगिता में जिले के 11 प्रतिभागी शामिल
ज्ञातव्य हो कि जिले के कुल 11 प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में शामिल हैं. प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, असम, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश तथा अंडमान एवं निकोबार की टीमें भाग ले रही हैं.
एमानुएल को मिली बधाई
जिले के विजेता एथलीट एमानुएल किस्कू को डीसी दीपक कुमार दुबे, डीडीसी सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव, सचिव माधव चंद्र घोष, कल्याण श्रीवास्तव, ओम तत्सत, कोच योगेश यादव, अशोक साहनी, निमाई चौधरी समेत जिले के खेल प्रेमियों ने बधाई दी.
