बरहेट : संताल परगना प्रमंडल के नवनियुक्त आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल ने बुधवार को बरहेट प्रखंड का दौरा किया. जिला पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया. प्रमंडल का प्रभार संभालने के बाद अपने पहले दौरे में आयुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित विशेष शिविर का औचक निरीक्षण किया.
मतदाता सूची पुनरीक्षण की ली जानकारी
उन्होंने बीडीओ अंशु कुमार पांडेय और उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदनी टुडू से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति तथा प्राप्त दावों-आपत्तियों की जानकारी ली. साथ ही आम नागरिकों और मतदाताओं को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया.
योग्य नागरिकों का नाम जोड़ने की अपील
आयुक्त ने जनप्रतिनिधियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने और ग्रामीणों को जागरूक करने की अपील की, ताकि कोई योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे.
पारदर्शिता के साथ समय पर निष्पादन का निर्देश
उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन, पारदर्शिता और समय पर दावों-आपत्तियों के निष्पादन का निर्देश दिया. इसके अलावा प्रखंड के प्रशासनिक व विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा.
मौके पर डीडीसी सतीश चंद्रा, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलाल, राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, बोरियो प्रभाग इंस्पेक्टर नुनुदेव राय, थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया समेत अन्य मौजूद थे.
