जिले में 56.19 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण

साहिबगंज जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत डिजिटाइजेशन कार्य तेजी से जारी है। उपायुक्त ने कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए।

बोरियो/साहिबगंज: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार साहिबगंज जिले में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य तेज गति से चल रहा है. 18 जुलाई 2026 की अपराह्न 4 बजे तक जिले के सभी 8,72,147 गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण पूरा कर लिया गया है. इनमें से 4,89,031 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है, जो कुल प्रपत्रों का 56.07 प्रतिशत है. विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति में राजमहल में 60.87 प्रतिशत, बरहेट में 56.19 प्रतिशत और बोरियो में 49.93 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा हुआ है.

इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने बोरियो प्रखंड में चल रहे डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति और एएसडीडीएफ सूची की तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि 22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर एएसडीडीएफ सूची का अनिवार्य रूप से प्रकाशन किया जाए तथा निर्धारित प्रारूप में बैठक की कार्यवाही भी समय पर उपलब्ध करायी जाए. समीक्षा के बाद उपायुक्त ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर डिजिटाइजेशन कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी प्रविष्टियां त्रुटिरहित ढंग से निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं तथा अभियान से जुड़े सभी कार्य समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपन्न हों. उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अभियान है. उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों से समन्वय, जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता का सही एवं अद्यतन विवरण मतदाता सूची में दर्ज कराने पर बल दिया. निरीक्षण के दौरान बोरियो बीडीओ, संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abdhesh singh

Published by: Pradip Kumar Mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >